दोनों पटना सिटी के आलमगंज की हैं रहनेवाली
रोहतास/पटना सिटी : दावथ थाना क्षेत्र के मलियाबाग में बच्चा चोरी के आरोप में दो महिलाओं को पकड़ कर बेकाबू भीड़ नेजम कर धुनाई कर दी. सूचना पर पहुंची पुलिस ने भीड़ से किसी तरह दोनों महिलाओं को बचा कर इलाज के लिए सीएचसी लाया.
इसी बीच भीड़ में शामिल असामाजिक तत्वों ने पुलिस पर लाठी व ईंट पत्थर से हमला कर दिया. इसमें दो पुलिस पदाधिकारी जख्मी हो गये. पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गया. पुलिस ने करीब पांच सौ असामाजिक तत्वों पर प्राथमिकी दर्ज की है. थानाध्यक्ष शशिभूषण प्रसाद ने बताया कि मलियाबाग में दो महिलाओं को बच्चा चोरी के आरोप में वहीं के कुछ लोग पकड़ पिटाई करने लगे.
समय रहते इसकी सूचना पुलिस को मिली. मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ से बचाकर दोनों महिलाओं को सीएचसी दावथ लाया गया. दोनों महिलाओं की पहचान संगीता देवी, पति स्व राजनाथ यादव व बेबी देवी, पति पप्पू यादव के रूप में की जा रही है. दोनों सगी बहनें हैं. दोनों पटना सिटी के आलमगंज की रहनेवाली बतायी जा रही हैं. दोनों से पूछताछ जारी है. वहीं, पुलिस पटना के आलमगंज थाना से आरोपितों की जानकारी लेने में लगी है.
