बारिश का पानी जमा करने की कवायद शुरू हो गयी है
पटना :घटते ग्राउंड लेवल वाटर को देखते हुए बारिश का पानी जमा करने की कवायद शुरू हो गयी है. बारिश का पानी जमा होने से उसका उपयोग जल संरक्षण में कारगर होगा. मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद भवन निर्माण विभाग ने इस काम में तेजी से काम करना शुरू कर दिया है. भवन निर्माण विभाग पूरे राज्य में सरकारी भवनों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग का 7940 यूनिट बनायेगा. इसमें न्यायिक व गैर न्यायिक भवन भी शामिल हैं. इसके लिए 3688 परिसर चिह्नित किये गये हैं.
औसतन तीन हजार स्क्वायर फुट वाली जगहों में यूनिट का निर्माण होगा. उसे एक इकाई माना जायेगा. जानकारों के अनुसार रेन वाटर हार्वेस्टिंग यूनिट के निर्माण के लिए दो तरह के मॉडल तय किये गये हैं. मॉडल ड्राॅइंग व मानक प्राक्कलन को सभी डीएम व कार्यपालक अभियंताओं को भेजा गया है. मॉडल के अनुसार इसके निर्माण पर प्रति यूनिट 45 हजार व 85 खर्च होने की संभावना है.
सरकारी भवनों में होगा निर्माण
सरकारी भवनों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग यूनिट का निर्माण करने के लिए दिसंबर 2019 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित िकया गया है. विभाग द्वारा इसके लिए सभी डीएम सहित जिला न्यायाधीशों को पत्र के माध्यम से कार्य योजनाओं को शीघ्र प्राथमिकता सूची में शामिल करने का अनुरोध किया गया है. शिक्षा, गृह व स्वास्थ्य विभाग के भवनों में यह काम उनके निगमों द्वारा िकया जाना है. इसके लिए विभागों को तैयार मॉडल की प्रति भेजी गयी है.
लगातार होगी मॉनीटरिंग
समय पर निर्माण काम पूरा होने के लिए लगातार इसकी मॉनीटरिंग होगी. विभाग के संयुक्त सचिव अमित कुमार ने इस संबंध में मुख्य अभियंता व अधीक्षण अभियंता को पत्र लिखा है. अंचलों में अधीक्षण अभियंताओं को प्रत्येक सप्ताह व मुख्य अभियंता को 15 दिनों पर काम की मॉनीटरिंग करनी है. विभाग के स्तर पर प्रत्येक माह समीक्षा होगी.
