पटना : विधान परिषद में वीरेंद्र नारायण यादव के ध्यानाकर्षण में पूछे गये सवालों का जवाब देते हुए शिक्षा मंत्री कृष्णनंदन प्रसाद वर्मा ने कहा कि विश्वविद्यालयों की जमीन पर अतिक्रमण होना बहुत ही गंभीर बात है.
इसलिए बिहार के सभी विश्वविद्यालयों से अतिक्रमण हटाने के लिए हर जिला के डीएम को निर्देश भेजा जायेगा. प्रो नवल किशोर यादव के सवालों का जवाब देते हुए मंत्री ने कहा कि शिक्षकों को वेतनमान का संगत ग्रेड पे देने के लिए सॉफ्टवेयर तैयार हो रहा है, जिसका काम एक माह में पूरा हो जायेगा.
कांग्रेस के मदन मोहन झा के सवालों का जवाब देते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए नियोजन का काम तेजी से हो चल रहा है. टीइटी की दो साल वैद्यता बढ़ायी गयी है. दिसंबर 2019 तक नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी कर ली जायेगी.
ध्यानाकर्षण पर सरकार का जवाब देते हुए मंत्री ने कहा कि प्राथमिक, माध्यमिक व उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में छात्रों के अनुपात में शिक्षक करने को लेकर सरकार तेजी से काम कर रही है. शहरी क्षेत्रों के विद्यालयों में छात्रों के अनुपात में शिक्षक अधिक हैं, जिसे जल्द से जल्द ठीक कर छात्र-शिक्षक के अनुपात को बराबर किया जायेगा.
विश्वविद्यालयों से रिक्तियां नहीं मिली हैं : तनवीर अख्तर के सवालों का जवाब देते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि मुंगेर, गया, नालंदा, पटना, मुजफ्फरपुर और भागलपुर के कई महाविद्यालयों के स्थायी संबंधन के बाद भी वहां से पद का सृजन का प्रस्ताव नहीं आया है. इस कारण से सृजन का काम नहीं हो रहा है, लेकिन इसे विभाग गंभीरता से लेगा और विभाग नियमानुसार निर्णय लेगा.
