सिलीगुड़ी : फुलबाड़ी में एक स्कूल इमारत की दूसरी मंजिल की एक खुली खिड़की से गिरने पर नौवीं कक्षा के एक छात्र की मौत हो गयी, जबकि उसका एक सहपाठी गंभीर रूप से घायल हो गया. दोनों छात्र अपनी कक्षा की खिड़की से ही गिरे थे. पुलिस ने यह जानकारी दी.
प्रधानाध्यापक टी रजनी प्रसाद ने बताया कि यह घटना सोमवार को लंच टाइम में हुई. दोनों छात्र ऋषभ आर्य और ऋतिक कुमार सिंह ने एक-दूसरे को धक्का दिया था, जिसके बाद दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वह खिड़की से बाहर गिरगये. प्रसाद ने बताया, ‘‘दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से जिस खिड़की से वे गिरे, उसमें ग्रिल नहीं लगी हुई थी. मुझे इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी कि ग्रिल टूट गया था और उसे तीन दिन पहले वहां से हटा दिया गया था.’
उन्होंने बताया कि दोनों छात्रों को तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया जहां बिहार के रहने वाले ऋषभ आर्य को मृत घोषित कर दिया गया. वहीं ऋतिक के पिता ने बताया कि उसका बायां हाथ टूट गया. पश्चिम बंगाल के पर्यटन मंत्री गौतम देब ने सोमवार को स्कूल प्रशासन और दोनों छात्रों के परिवारों से मुलाकात की और इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया. पुलिस ने स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरा सिस्टम को अपने कब्जे में ले लिया है और उन्होंने स्कूल के गार्ड से भी पूछताछ की है.
