गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने किया जनसंघ के कार्यकर्ताओं का सम्मान
पटना : राज्य में भाजपा का सदस्यता अभियान शनिवार को आरंभ हो गया. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर संगठन पर्व 19 के नाम से शुरू हुआ सदस्यता अभियान 11 अगस्त तक चलेगा. बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव ने पार्टी प्रदेश मुख्यालय के सभागार में 500 लोगों को भाजपा की सदस्यता दिलायी.
भाजपाइयों को लक्ष्य दिया बिहार में सदस्यों की संख्या एक करोड़ से बढ़ाकर 1.25 करोड़ करने के साथ- साथ राज्य में हरियाली भी लानी है. भाजपा के सदस्य बनने का अर्थ है राजनैतिक रूप से राष्ट्रवाद की विचारधारा के साथ पर्यावरण – विकास काे लेकर आगे बढ़ना है. नारी को नारायणी बनाने का जो संदेश है उसे आगे बढ़ाना है.
कार्यकर्ता सदस्यता अभियान में बूथ पर जाये तो पांच -पांच पेड़ लगा दें. गृह राज्य मंत्री ने कहा कि दूसरे दलों का संगठन सत्ता के लिये है.भाजपा का काम सेवा करना है. इसलिये दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बन गयी है.
पीएम मोदी के नेतृत्व में नफरत घट रही है. विकास गति पकड़ रहा है. सदस्यता अभियान के दौरान रतिराज पांडे, सियाराम, चिंतामणि त्रिवेदी आदि जनसंघ के 22 पुराने कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी किया गया. भूपेंद्र यादव और गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने राजवंशीनगर के नवीन सिन्हा पार्क जाकर पौधारोपण किया और सदस्यता अभियान की शुरूआत की.
सदस्यता लेने वालों में मुसलमान-महिला दोनों की संख्या अच्छी खासी थी. दरभंगा के व्यापारी मो. गुलाम सरवर, मो फरीद खान, नूर इस्लाम खान, सत्तार खां का कहना था कि अब हिन्दू- मुसलमान वाली बात नहीं है.
मोदी से वह प्रभावित हैं. शौचालय पेंशन, राशन के रूप में विकास पहुंच रहा है. लोकसभा चुनाव में भाजपा की इतनी बड़ी जीत में मुसलमान का वोट भी शामिल है. सदस्यता फाॅर्म में जाति वर्ग का भी एक कॉलम था. मौके पर प्रदेश महामंत्री संगठन नागेंद्र जी, सम्राट चौधरी व देवेश कुमार मौजूद थे.
