Patna 13 Year Old Boy Murder : पटना में महज 13 साल के एक बच्चे की जिंदगी मामूली विवाद में बेरहमी से खत्म कर दी गई. मामला गर्दनीबाग थाना क्षेत्र का है. बच्चे की पहचान कबीर कश्यप के रूप में हुई. जानकारी के अनुसार दो नाबालिग ने उससे घर से बुलाकर नौरंगी स्कूल के पास ले गए, जहां उस पर हमला किया गया. एक नाबालिग ने कबीर के दोनों हाथ पकड़ लिए, जबकि दूसरे ने उसके सिर पर ईंट से ताबड़तोड़ वार कर दिया. गंभीर रूप से घायल कबीर को पीएमसीएच में भर्ती कराया गया था, लेकिन दो दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद मंगलवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
कबीर गौतम नगर जनता रोड निवासी टिंकू राम का पुत्र था. वह अपने ननिहाल में रहकर पढ़ाई करता था. बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. जिस बच्चे को परिजन इलाज के बाद स्वस्थ होकर घर लौटने की उम्मीद कर रहे थे, उसकी मौत ने पूरे परिवार को झकझोर दिया.
घर से बुलाकर ले गए, फिर किया हमला
मृतक के मामा ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 30 अगस्त को दो नाबालिग कबीर को घर से बुलाकर नौरंगी स्कूल के पास ले गए थे. वहां किसी बात को लेकर विवाद हुआ. इसके बाद दोनों ने मिलकर कबीर पर हमला कर दिया.
जानकारी के अनुसार दोनों नाबालिग ने मिलकर कबीर पर हमला किया. हमले के दौरान ईंट से उसके सिर पर लगातार कई वार किए गए. सिर में गंभीर चोट लगने के बाद कबीर बुरी तरह घायल होकर मौके पर गिर पड़ा.
इलाज के लिए पीएमसीएच ले जाया गया
घटना के बाद उसे इलाज के लिए पीएमसीएच ले जाया गया. अस्पताल में जांच के दौरान उसके सिर में अंदरूनी चोट और खून का थक्का जमने की बात सामने आई. उसकी हालत गंभीर थी और चिकित्सक लगातार इलाज में जुटे थे.
पटना के कई इलाकों में आज बिजली कटौती, घंटों बाधित रहेगी सप्लाई; जानें किस क्षेत्र में कब रहेगी बत्ती गुल
दो दिन तक चला इलाज
पीएमसीएच में कबीर का इलाज चल रहा था. परिजन भी उसके ठीक होने की उम्मीद लगाए बैठे थे. लेकिन हालत में सुधार नहीं हो सका. दो दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद मंगलवार को इलाज के दौरान कबीर ने दम तोड़ दिया. कबीर की मौत के बाद परिवार के सामने अपने बच्चे को खोने का गहरा सदमा है. घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है.
CCTV में दिखे दोनों नाबालिग
घटना की सूचना मिलने के बाद गर्दनीबाग पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज में दोनों नामजद नाबालिग घटना में शामिल दिखाई दिए.
इसके बाद पुलिस ने दोनों को निरुद्ध कर लिया. स्वजन के बयान के आधार पर दोनों के खिलाफ पहले ही प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी थी.
पुलिस अब घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे की कार्रवाई में जुटी है.
