जेपी सेतु पर वारदात करने का प्रयास
अन्य अपराधियों को पकड़ने के लिए छापेमारी
पटना : पाटलिपुत्र में स्थित रूबन अस्पताल के डॉक्टर पंकज शर्मा की कार को हथियार की नोंक पर दीघा हाट के समीप लूटने की योजना को पटना पुलिस ने फेल कर दिया.
इसके साथ ही तीन अपराधी विकास कुमार (दानापुर, बीबीगंज), दीपक कुमार सिंह (रामजीचक, दीघा) व कृष्णा प्रसाद उर्फ कादो (दानापुर, बीबीगंज) को गिरफ्तार कर लिया. इसके साथ ही पुलिस ने घटना में प्रयुक्त की गयी पैशन प्रो बाइक को भी पुलिस ने बरामद कर लिया. घटना 19 जून की है. पुलिस कार लूटने में शामिल अन्य अपराधियों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है.
पकड़े गये अपराधियों ने अपने अन्य साथियों के नामों की जानकारी पुलिस को दे दी है. दीघा थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने बताया कि घटना के दौरान ही पुलिस पहुंच गयी और फिर एक अपराधी को पकड़ लिया. इसके बाद उसकी निशानदेही पर छापेमारी कर दो अन्य अपराधी को पकड़ा गया है. कुछ दिन पहले रूपसपुर नहर के समीप कार लूटने के प्रयास के एक और मामले में भी इसी गिरोह का हाथ है.
डॉक्टर पंकज शर्मा छपरा से कार से आ रहे थे रूबन हॉस्पिटल
डॉक्टर पंकज शर्मा मरीज का इलाज करने के लिए अकेले ही अपने कार को चलाते हुए छपरा से पाटलिपुत्र स्थित रूबन अस्पताल में आ रहे थे. इसके बाद वे जैसे ही जेपी सेतु से आगे बढ़े, वैसे ही दो-तीन बाइक पर सवार अपराधियों ने ओवरटेक कर गाड़ी को रोकने का प्रयास किया.
लेकिन डॉक्टर ने भी हिम्मत दिखायी और लगातार आगे बढ़ते रहे. इसी बीच दीघा हाट से कुछ दूरी पर ओवरटेक कर गाड़ी को अपराधियों ने रोक लिया और पिस्तौल तान दिया. इसके बाद कार से बाहर निकलने के लिए डॉक्टर को धमकाने लगे. हालांकि इस बात की जानकारी डॉक्टर अपने मोबाइल फोन से पुलिस को दे चुके थे और तुरंत ही पुलिस टीम वहां पहुंच गयी. पुलिस को देखते ही अपराधी भागने लगे. जिसमें से एक दीपक कुमार सिंह को पुलिस ने खदेड़ कर पकड़ लिया. इसके बाद पुलिस ने दीपक की निशानदेही पर छापेमारी कर विकास कुमार व कृष्णा प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया.
रिमांड पर फिर से लेगी पटना पुलिस
पटना पुलिस पकड़े गये अपराधियों को फिर से रिमांड पर लेगी और पूछताछ करेगी. दीघा में लगातार दो वाहन लूट का प्रयास करने के मामले सामने आने के बाद रिमांड पर लेने का निर्णय लिया गया है. इन दोनों मामलों में भी पुलिस ने तीन अपराधियों को पकड़ने में सफलता पायी है. लेकिन गिरोह के अन्य सदस्य अभी भी फरार हैं.
