दो-दो की संख्या में ग्राहक बन पहुंचे अपराधी, अंदर की स्थिति देख बाकी साथियों को बुलाया, छोड़ी गमछी डॉग स्क्वायड सड़क पर जा कर रुकी

पंचवटी रत्नालय से ज्वेलरी लूटने के बाद पैदल ही निकल भागे अपराधी पटना : दीघा-आशियाना रोड में स्थित पंचवटी रत्नालय में करीब एक बजे दिन में दुकान के दो-दो की संख्या में अलग-अलग युवक ग्राहक बन कर पहुंचे. जहां उन लोगों ने चेन व अंगूठी दिखाने को कहा. इस पर दुकान कर्मियों ने आभूषण दिखाये […]

पंचवटी रत्नालय से ज्वेलरी लूटने के बाद पैदल ही निकल भागे अपराधी
पटना : दीघा-आशियाना रोड में स्थित पंचवटी रत्नालय में करीब एक बजे दिन में दुकान के दो-दो की संख्या में अलग-अलग युवक ग्राहक बन कर पहुंचे. जहां उन लोगों ने चेन व अंगूठी दिखाने को कहा. इस पर दुकान कर्मियों ने आभूषण दिखाये तो वे लोग पसंद नहीं होने की बात कहते हुए बाहर निकल गये. अपराधियों ने पहले यह जांच कर लिया कि दुकान के अंदर कोई ग्राहक या अन्य व्यक्ति नहीं है.
इसके बाद कुछ ही देर में फिर से उन चारों के साथ छह-सात अन्य अपराधी दुकान के अंदर प्रवेश कर गये. गार्ड दीपू ने जब रोकने की कोशिश की तो उस पर पिस्टल निकाल कर तान दिया. दूसरे अपराधी ने दीपू के सिर पर पिस्तौल के बट से प्रहार कर दिया, जिसमें सिर फूट गया. इसके बाद सभी अपराधियों ने अपने पास से दो-दो पिस्तौल निकाल लिया और दुकान मालिक रत्नेश शर्मा और दुकान के छह-सात कर्मियों को बंधक बना लिया.
अपराधियों ने दुकान के गेट को अंदर से बंद कर दिया और एक अपराधी गेट पर टेबल लगा कर बैठ गया. सभी अपराधियों के पास एयर बैग था और दो-दो पिस्तौल था. उन अपराधियों ने सभी कर्मियों का मोबाइल फोन अपने कब्जे में कर लिया. इसी दौरान उन्होंने दुकान मालिक रत्नेश शर्मा का मोबाइल फोन मांगा तो उन्होंने बगल में रखने की कोशिश की. इसे अपराधियों ने देख लिया और उन पर भी पिस्तौल के बट के प्रहार कर दिया. जिसमें उनका सिर फट गया.
इसके बाद अपराधी शो केस में रखे तमाम आभूषण को अपने एयर बैग में रखने लगे. दुकान मालिक से तिजाेरी की भी चाबी ले ली. तिजोरी के आगे टीवी और सीसीटीवी कैमरा का डीवीआर रखा हुआ था. अपराधियों ने चाबी से तिजोरी खोला और उसमें रखे सारे आभूषण ले लिये और इसी बीच डीवीआर पर नजर पड़ गयी. सारे आभूषण रखने के बाद डीवीआर को भी अपने कब्जे में कर लिया और जान से मारने की धमकी देने के बाद वहां से एक-एक कर बाहर निकलने लगे.
अपराधी दुकान मालिक व कर्मियों का मोबाइल फोन अपने साथ ले गये और जाने के क्रम में बाहर से दुकान का मेन गेट बंद कर दिया. अपराधियों के जाने के बाद दुकान के अंदर बंद लोगों ने गेट को खटखटाया तो बाहर से किसी ने खोला. पुलिस को मामले की जानकारी दी गयी. पुलिस भी पहुंची और मामले की छानबीन की. बाहर किसी ने डकैती के समय पुलिस को जानकारी दी थी, पर पुलिस समय पर नहीं पहुंची.
भागने के पहले अपराधियों ने बाहर से दुकान का मेन गेट बंद कर दिया
दस बजे खुली थी दुकान
प्रतिदिन की तरह करीब दस बजे दुकान खोली गयी थी. पटेल नगर निवासी व रिटायर्ड बैंक अधिकारी रत्नेश शर्मा व उनके सारे कर्मचारी समय पर पहुंच गये थे.
हालांकि एक महिला कर्मचारी कुछ काम से बाहर गयी थी और घटना होने के बाद वापस दुकान पर पहुंची थी. रत्नेश शर्मा पटेल नगर में रहते हैं और दो साल से दुकान चला रहे हैं. उनके इंजीनियर बेटे नीतीश शर्मा भी यदा-कदा आते हैं. हालांकि नीतीश की पत्नी भी दुकान में आ कर मॉनिटरिंग करती है. लेकिन शुक्रवार को नहीं आयी थी. ज्वेलरी दुकान की बिल्डिंग के ऊपर में फर्स्ट फ्लोर व सेकेंड फ्लोर पर नेहा वस्त्रालय है.
आखों-देखी
कुछ अपराधियों ने पहन रखा था हेलमेट
दुकान मालिक रत्नेश शर्मा ने कहा कि दो-दो की संख्या में ग्राहक बन कर अपराधी पहुंचे और फिर उनके अन्य साथी भी पहुंच गये. उन सभी के हाथों में दो-दो पिस्तौल थी.
उन लोगों ने हथियार से प्रहार कर मुझे और गार्ड दीपू को घायल कर दिया और तिजाेरी के साथ ही शोकेस में रखे तमाम आभूषण को अपने साथ ले जाने में सफल हुए. उन्होंने बताया कि घटना को अंजाम देने के पूर्व दो दिन पहले से रेकी कर रहे थे. वे पहले भी इस दुकान में ग्राहक बन कर आये थे और आभूषण देखने के बाद वापस लौट गये थे.
दुकान कर्मी दिलखुश ने बताया कि अपराधी हमेशा उन लोगों को आराम से बैठने के लिए कह रहे थे और जान से मारने की धमकी दे रहे थे. दुकान के अंदर प्रवेश करते ही सभी का मोबाइल फोन अपने पास रख लिया और जाने के क्रम में ले कर चले गये. वे पैदल ही भागे हैं. हालांकि किधर गये हैं, वे लोग नहीं देख पाये. उन्होंने बताया कि एक-दो अपराधियों ने हेलमेट पहन रखा था, बाकी बिना हेलमेट के थे. सभी ने अच्छी जिंस पैंट व शर्ट पहन रखा था और उनकी उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के आसपास होगी.
वैशाली के अपराधी गिरोह पटना में कर रहे स्वर्ण दुकानों में लूटपाट!
पटना : वैशाली के अपराधी गिरोह पटना में स्वर्ण दुकानों में लूटपाट कर रहे हैं. सूत्रों के अनुसार वैशाली से अपराधी पटना में आ कर घटना को अंजाम दे रहे हैं और जेपी सेतु से निकल भागने में सफल हो रहे हैं.
पटना पुलिस को उसी गैंग के संबंध में काफी जानकारियां हासिल हुई है. इस गैंग ने हाल के दिनों में हाजीपुर में भी स्वर्ण दुकान में दो करोड़ की डकैती की थी. पटना पुलिस ने इसी जानकारी के आधार पर जेपी सेतु के पास शुक्रवार की देर रात नाकेबंदी की थी. इसी दौरान एक गिरोह से पुलिस की मुठभेड़ भी हो गयी. वैशाली के गिरोह की संलिप्तता की संभावना इसलिए भी जतायी जा रही है क्योंकि हाल के दिनों में पटना में जो भी घटनाएं घटित हुई है, उसका तरीका एक ही है. रूपसपुर में भी दिनदहाड़े उक्त गैंग ने लूटपाट की थी.
इसके पूर्व दानापुर में घटना को अंजाम दिया था. इन दो घटनाओं के बाद फिर इससे सटे इलाके राजीव नगर में दिनदहाड़े चार करोड़ के आभूषण लूट लिया. इन तीनों ही घटनाओं में काफी समानताएं पायी गयी है. जिससे पटना पुलिस का शक पूरी तरह वैशाली के अपराधी गिरोहों की ओर है. पूरी संभावना है कि राजीव नगर में घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी दीघा से जेपी सेतु होते हुए वैशाली या सारण की ओर निकल गये होंगे.
अपराधी ने घटनास्थल पर छोड़ी गमछी डॉग स्क्वायड सड़क पर जा कर रुकी
डकैती के दौरान एक अपराधी ने अपने उजले रंग की गमछी को छोड़ दिया. डॉग स्क्वायड की टीम ने उस गमछी की जांच की. हालांकि डॉग स्क्वायड भी दुकान में ही घूमती रही और एक बार सड़क की ओर आयी.
लेकिन अागे नहीं बढ़ी. ज्वेलरी दुकान के अगल-बगल के दुकानों में सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ है. ज्वेलरी दुकान के सामने एक्सिस बैंक में भी सीसीटीवी कैमरा है. लेकिन ये कैमरे सड़क को नहीं कवर करते थे. पुलिस ने मेडिकल दुकान, बैंक आदि का सीसीटीवी खंगाला, लेकिन उसमें किसी अपराधी की तस्वीर सामने नहीं आयी.
इसके बाद पुलिस ने आशियाना मोड़, दीघा, राजीव नगर इलाके में लगे सरकारी सीसीटीवी कैमरे के वीडियो फुटेज को खंगाला. इसमें कुछ संदिग्धों की तस्वीर सामने आयी है. पुलिस अपराधियों के एयर बैग के आधार पर सीसीटीवी में लोगों की तस्वीर को देख रही है.
दो आभूषण दुकानों में हुई लूट में भी पुलिस को नहीं मिली है सफलता
अपराधियों ने हाल के दिनों में दानापुर व रूपसपुर थाना इलाके में दो स्वर्ण दुकानों में लूटपाट की थी. लेकिन इन दोनों मामलों में पुलिस को कोई अपराधी हाथ नहीं लगा. इसके बाद दानापुर व रूपसपुर से सटे इलाके राजीव नगर में आभूषण लूट कर फिर से पुलिस को चुनौती दे डाली.
12 जून को रूपसपुर थाना क्षेत्र के रामजयपाल मोड़ व डेंटल कॉलेज के समीप दिनदहाड़े दो बाइक सवार पांच नकाबपोशों ने पिस्तौल के बल पर जेवर मार्ट दुकान से करीब 16 लाख का आभूषण लूट लिया था.
रूपसपुर में हुए घटना के पूर्व एक जून को दानापुर के आनंद बाजार स्थित उर्मिला ज्वेलर्स दुकान में अपराधियों ने दुकानदार को गोली मार कर जख्मी कर दिया था. हालांकि लूटपाट करने में सफल नहीं हो पाये थे और आभूषण भरा बैग वहीं छोड़ कर फरार हो गये थे.
एयर बैग से मिल सकता है सुराग : सारे अपराधियों के पास काले रंग का एयर बैग था. पुलिस को एयर बैग से ही सुराग मिल सकता है. खास बात यह है कि अपराधियों के पास जो भी एयर बैग थे, सभी नये थे. इससे स्पष्ट है कि किसी एक दुकान से ही एयर बैग की खरीद की थी. पुलिस का ध्यान इस ओर भी है और कई बैग दुकानों की भी जांच की गयी है.
घटना होते ही पूरे शहर को कर दिया गया सील, करायी गयी वाहन चेकिंग : घटना होते ही पूरे शहर को सील कर दिया गया और वाहन चेकिंग शुरू करायी गयी थी. इसके बाद पटना सिटी से लेकर दानापुर तक सभी थानों की पुलिस सड़क पर उतर कर चेकिंग में लगी थी. हालांकि अपराधी निकल भागने में सफल रहे थे.
हमरा देखना है तो देख लो, पटना पुलिस तो हमको कब से खोज रही है
दुकान में घुसते ही एक अपराधी ने कर्मियों को बोला कि हमरा देखना है तो देख लो. कुछ भी मुंह पर नहीं लगाये हैं. हमको कब से पटना पुलिस खोज रही है. लेकिन कोई नहीं पकड़ पाया है. इसके बाद उसने दुकानकर्मियों पर पिस्तौल तान दिया और अपशब्दों का प्रयोग करने लगा. अन्य अपराधियों ने अन्य कर्मियों को चुपचाप बैठने की सलाह दी और धमकाया कि गलती करोगे तो जान से जाओगे.
डकैती गिरता कानून का प्रमाण : सदानंद
कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता सदानंद सिंह ने कहा कि राजधानी में दिन दहाड़े भीषण डकैती होना, प्रदेश की गिरती कानून व्यवस्था का प्रमाण है. अभी हाल ही में मुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग की समीक्षा बैठक की थी. बिहार में बढ़ते अपराध को रोकने में इसका कोई असर होता नहीं दिख रहा है. हाल के दिनों में अपराधों में काफी वृद्धि हुई है.
सर्राफा कारोबारियों को सुरक्षा मिले : संघ
पाटलिपुत्र सर्राफा संघ के अध्यक्ष विनोद कुमार ने सर्राफा कारोबारियों के साथ हो रही आपराधिक घटना से कारोबारी काफी सहमे हुए है. जिला प्रशासन से आग्रह है कि वे अपराध पर अंकुश लगाने के लिए शहर में पुलिस गश्ती को बढ़ाया जाये. साथ ही सर्राफा बाजार इलाके सीसीटीवी लगाया जाये ताकि अपराधियों को पकड़ने में मदद मिल सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >