खुदाई ने रोका सड़क-पानी का रास्ता

वार्ड संख्या 16 के तहत सरिस्ताबाद जाने के मुख्य मार्ग गर्दनीबाग के रोड नंबर एक होते हुए कच्ची तालाब से न्यू बाइपास को जोड़ने वाली सड़क पर जगह-जगह ह्यूम पाइप कहीं सड़क किनारे, तो कहीं सड़क के बीच ही पड़े हैं. इस सड़क से गुजरने वाले लोग संभल-संभल कर आते-जाते हैं. प्रभात खबर संवाददाता प्रभात […]

वार्ड संख्या 16 के तहत सरिस्ताबाद जाने के मुख्य मार्ग गर्दनीबाग के रोड नंबर एक होते हुए कच्ची तालाब से न्यू बाइपास को जोड़ने वाली सड़क पर जगह-जगह ह्यूम पाइप कहीं सड़क किनारे, तो कहीं सड़क के बीच ही पड़े हैं. इस सड़क से गुजरने वाले लोग संभल-संभल कर आते-जाते हैं. प्रभात खबर संवाददाता प्रभात रंजन वार्ड संख्या-16 पहुंचे और वहां का हाल जाना.

स्थानीय लोगों नेबताया कि महीनों से इस सड़क की यही स्थिति बनी हुई है. आधा-अधूरा निर्माण जानलेवा बना हुआ है. खासकर, रात में आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानी होती है. इसके बावजूद वार्ड पार्षद हो या निगम प्रशासन, सड़क को दुरुस्त कराने में नाकाम हैं.

मुहल्लों में पीने के पानी का संकट
वार्ड संख्या-16 में सरिस्ताबाद, गौतम नगर, जनता रोड, पत्थर गली, इंद्रपुरी पथ, झुनझुन महल, प्रोफेसर कॉलोनी और जक्कनपुर के कुछ हिस्से आदि इलाके हैं. इन इलाकों में जलापूर्ति पाइप बिछायी गयी थी जिससे मुहल्ले के घरों में सप्लाइ का पानी पहुंच रहा था. लेकिन, कुछ माह पहले सड़क और नाला निर्माण के दौरान जलापूर्ति पाइप ध्वस्त हो गयी जिससे पानी की सप्लाई बाधित हो गयी.
स्थिति यह है कि इन मुहल्लों में अभी तक पानी की सप्लाइ बंद है और लोग निजी बोरिंग या सबमर्सिबल बोरिंग के सहारे पानी की आपूर्ति कर रहे हैं. हालांकि, वार्ड पार्षद ने भी पांच जगहों पर सबमर्सिबल बोरिंग लगाया है, जो पर्याप्त नहीं है. इससे हमेशा वार्ड के अधिकतर इलाके में पीने के पानी की समस्या बनी रहती है.
नारकीय बनी है तालाब की स्थिति
वार्ड के वर्षों पुराने कच्ची तालाब का हाल भी बेहाल हो गया है. हालांकि छठ पूजा के दौरान तालाब की रौनक बढ़ जाती है, लेकिन पूजा खत्म होने के बाद लोग फिर से इसकी ओर ध्यान नहीं देते. हालांकि तालाब के तीन हिस्से में घाट बनाया गया है और चौथे हिस्से में घाट बनाने की प्रक्रिया चल रही है. इसके बावजूद सही देखरेख के अभाव में तालाब की स्थिति नारकीय बनी हुई है.
सीधी बातचीत
सरिस्ताबाद मेन रोड जर्जर है. इसे बनवाया क्यों नहीं जा रहा है?
-सरिस्ताबाद मेन रोड बनाने को लेकर एजेंसी चयनित है. चयनित एजेंसी ने मेटेरियल भी रख दिया है. निर्माण की निगरानी करना प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता का है, लेकिन अभियंता की अनदेखी से काम रुका है.
पेयजल की समस्या को लेकर आपकी ओर से क्या कदम उठाये गये हैं?
-हां, यह बात सही है कि वार्ड में पीने के पानी की समस्या है. यह समस्या निर्माण एजेंसियाें की वजह से हुआ है. वर्षों पहले डूडा की ओर से सड़क-नाला बनाया गया. इस दौरान जलापूर्ति पाइप ध्वस्त कर दी गयी. इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी गयी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से इसका खामियाजा लोग भुगत रहे हैं.
संसाधन के बावजूद कचरे का नियमित उठाव क्यों नहीं हो रहा है?
-साफ-सफाई को लेकर संसाधनों की कमी नहीं है. लेकिन, निजी एजेंसी एलएंडटी ने जगह-जगह सड़क खोद वैसे ही छोड़ दिया है. इससे वार्ड की सफाई में काफी परेशानी होती है. यही कारण है कि नियमित कचरा उठाने में मुश्किलें आ रही हैं.
कच्ची तालाब का सौंदर्यीकरण करवाने में नाकाम क्यों है?
-हमने अपने स्तर से नगर आवास विकास विभाग से फंड ला-ला कर तालाब को बेहतर करने की कोशिश की है. एक हिस्से में घाट बनाने की प्रक्रिया चल रही है. निगम फंड से तालाब के चारों ओर पार्क बनाने की अनुशंसा की है. संभावना है कि शीघ्र योजना पर काम शुरू हो जाये.
वार्ड में जलजमाव भी बड़ी समस्या है. इस समस्या से निबटने को लेकर क्या किया?
-हमारे वार्ड में जलजमाव बड़ी समस्या थी. बारिश के दौरान पूरे वार्ड में जलजमाव की समस्या बन जाती थी. अब भी कुछ हिस्सों में जलजमाव की समस्या है. हमने बड़ी संख्या में नालों का निर्माण करवाया है. जब तक न्यू बाइपास किनारे का नाला दुरुस्त नहीं होगा, तब तक समस्या रहेगी.
सड़क पर गड्ढे कर रहे परेशान, जलापूर्ति पाइप ध्वस्त होने से बढ़ा पेयजल संकट
वार्ड में साफ-सफाई की व्यवस्था में सुधार हुआ है. वार्ड में पार्क नहीं है. तालाब के चारों ओर पार्क विकसित करने की मांग करते रहे हैं. लेकिन, अभी तक पूरा नहीं हुआ है.
– रुद्र मोहन प्रसाद
वार्ड के कई मुहल्लों में जलापूर्ति पाइप ध्वस्त है. इससे पीने के पानी की समस्या है. इस समस्या है हम जैसे सैकड़ों लोग परेशान हैं, लेकिन समस्या का निदान नहीं किया जा रहा है.
– राजीव कुमार
मुहल्ले ही नहीं वार्ड की पहचान है कच्ची तालाब. लेकिन, तालाब की नारकीय स्थिति है. तालाब की नियमित साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण की जरूरत है.
– दीनानाथ राय
मुहल्ले में पीने के पानी और जर्जर सड़क बड़ी समस्या है. सरिस्ताबाद मेन रोड महीनों से जगह-जगह खोद कर छोड़ दिया गया है. आना-जाना मुश्किल हो गया है. जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे.
– शशि कुमार
मुहल्ले में पहले से सफाई व्यवस्था सुधरी है. इसके साथ ही जलजमाव की समस्या से भी निजात मिला है. लेकिन, मुहल्ले में निर्माण एजेंसियों ने समस्या बढ़ा दिया है, जिस पर प्रशासन आंख बंद किये है.
– मनोज कुमार
मुहल्ले में कहीं लाइट जल रही है, तो कहीं पोल पर लाइट लगा ही नहीं है. लाइट नहीं होने की वजह से गलियों में अंधेरा रहता है. इससे काफी परेशानी होती है.
– कमलेश पांडेय

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >