तेजी से खाली हो रहा पटना का भूजल

राजदेव पांडेय पटना : वीरचंद पटेल पथ, अनिसाबाद, खगौल, फुलवारी और कंकड़बाग के इलाके में तेजी से भूजल नीचे जा रहा है. दरअसल ये वह इलाके हैं, जहां एक साल के अंदर करीब एक से तीन मीटर (तीन से नौ फीट) तक भूजल स्तर सरका है. भूजल में गिरावट के ये संकेत केंद्रीय भूजल बोर्ड […]

राजदेव पांडेय

पटना : वीरचंद पटेल पथ, अनिसाबाद, खगौल, फुलवारी और कंकड़बाग के इलाके में तेजी से भूजल नीचे जा रहा है. दरअसल ये वह इलाके हैं, जहां एक साल के अंदर करीब एक से तीन मीटर (तीन से नौ फीट) तक भूजल स्तर सरका है. भूजल में गिरावट के ये संकेत केंद्रीय भूजल बोर्ड की तरफ से प्री-मॉनसून सर्वेक्षण में सामने आये हैं. यह सर्वेक्षण अब भी जारी है. भूजल विज्ञानियों का कहना है कि अगले एक दो वर्षों में ही पटना सिटी की भांति ये भी क्रिटिकल जोन में शामिल हो सकते हैं.

आधिकारिक जानकारी के मुताबिक केंद्रीय भूजल बोर्ड हर साल प्री-मॉनसून सर्वेक्षण करता है, ताकि इसके जरिये वह तुलनात्मक रूप में आंकड़े जुटाकर समस्या के बारे में जान सके. फिलहाल भूजल के लिहाज से बेहद समृद्ध पटना शहर के भूजल भंडार तेजी से गिरने लगे हैं. मई में शुरू हुए इस सर्वे में मनेर, नौबतपुर, फॉरेस्ट रोड, बिक्रम में अभी सर्वे बाकी है.
कुछ इलाकों में बढ़ा भी है जल स्तर: गांधी मैदान में मई, 2018 में भूजल 14़ 75 मीटर पर था. इस साल वहां का भूजल स्तर कुछ ऊपर आ गया है. इस माह वहां का जल स्तर 12़ 43 मीटर पर ही है. कुम्हरार में भी भूजल कुछ ऊपर आया है. हालांकि यह काफी कम है.
कुछ यूं घट रहा शहर का भूजल स्तर
क्षेत्र मई, 2018 मई, 2019
वीरचंद पटेल, सर्किट हाउस जोन 14.67 मीटर 17.57 मीटर
अनिसाबाद 12.59 मीटर 13.44 मीटर
वेटनरी कॉलेज 12.9 मीटर 14.5 मीटर
बीएन कालेज क्षेत्र 10.6 मीटर 11 मीटर
कंकड़बाग 13.78 मीटर 14.40 मीटर
खगौल 11.08 मीटर 12.15 मीटर
फुलवारी 12.4 मीटर 14.30 मीटर
यह वक्त है कि लोग जल संरक्षण के प्रति सतर्क हो जाएं. जरूरी नहीं है कि जब हमारी धरती एकदम खाली हो जाये, तभी सतर्क हों. जल सहेजने के उपायों के लिए एक कार्ययोजना बनानी चाहिए. -आनंद कुमार अग्रवाल, वरिष्ठ भूजल विद, केंद्रीय भूजल बोर्ड, यूनिट बिहार

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >