पीएम किसान सम्मान निधि योजना के लिए भेजे गये आवेदन
पटना : प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत अब तक राज्य के 9 लाख 68 हजार 465 किसानों को आवेदन जांच कर भेजा जा चुका है. राज्य में 72 लाख से अधिक किसान कृषि विभाग में निबंधित हैं. राज्य के किसान लगातार सम्मान निधि योजना में आनलाइन आवेदन कर रहे हैं.
इस योजना के तहत सरकार किसानों को सालाना छह हजार रूपया तीन किस्त में देती है. पिछले वित्तीय वर्ष में जिन किसानों ने आवेदन दिया था उनको पहली किस्त के रुप में दो- दो हजार का राशि मिली थी.
जब आचार संहिता समाप्त होगी तो चालू वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही भी पूरा होने को होगी. कृषि विभाग तैयारी में जुटा है कि पहली तिमाही के पूरा होते ही किसानों के खाते में पहली किस्त का Rs 2000 जाये. इसके लिए किसानों से आवेदन भी लिया जा रहा है और उसकी जांच भी चल रही है. जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत अबतक 40 लाख 48 हजार 72 किसानों ने इस योजना के लिए आवेदन किया है.
करीब 12 लाख आवेदन किये जा चुके हैं स्वीकृत
इसमें से कृषि समन्वयकों ने 24लाख 09 हजार 448 आवेदन की जांच कर स्वीकृति दी है. कृषि समन्वयक के स्तर पर 1,00,322 आवेदन को अस्वीकृत किया गया. अंचलाधिकारी के स्तर पर अबतक 11 लाख 92हजार 055 आवेदन को स्वीकृत किया जा चुका है. अंचलाधिकारी के स्तर पर 77619 आवेदन को अस्वीकृत किया गया. जिला में अपर समाहर्ता के स्तर पर 1093495 किसानों के आवेदन को स्वीकृत किया गया है.
अपर समाहर्ता के स्तर पर 1372 आवेदन अस्वीकृत किये गये. राज्य का कृषि विभाग प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लिए 968465 आवेदन को स्वीकृत कर भेज दिया है. अब इन किसानों के खाते में पहली किस्त के रुप में Rs 2000 भेजे जायेंगे.
