पटना : राजधानी में चोर पुलिस के लिए चुनौती बन गये हैं. चोर मकान से ज्यादा अपार्टमेंट में धावा बोल रहे हैं. शुक्रवार की रात चोरों ने हवाई अड्डा थाना क्षेत्र के जगदेव पथ के मुरली चक में मौजूद श्रीओम आपार्टमेंट के तीन फ्लैटों का ताला तोड़कर करीब 15 लाख रुपये के माल पर हाथ साफ किया है.
इसमें आरा जिले के संदेश थाने के थानेदार, सुदेह कुमार, इंजीनियर और एक ट्रांसपोटर के फ्लैट को टारगेट किया गया है. तीनों फ्लैट में ताला बंद था.
चोर अपार्टमेंट के मेन गेट से अंदर घूसे और सीढ़ी के रास्ते फोर्थ फ्लोर पर जाकर फ्लैट का ताला तोड़कर अंदर गये और चोरी के बाद टूटा हुआ ताला अपने साथ उठा ले गये. वहीं अगल-बगल के फ्लैट मालिकों के दरवाजे को बाहर से बंद कर दिया था. फिलहाल इस मामले में हवाई अड्डा थाने में मामला दर्ज कराया गया है.
