पटना : कदमकुआं पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक पिकअप वैन में लदी शराब को बरामद कर लिया है. रविवार की देर रात राजेंद्र पुल के पास जब वाहन को चेकिंग के लिए रोका गया तो चालक गाड़ी लेकर भागने लगा.
इस पर पुलिस ने दौड़ा कर पिकअप वैन को रोका. इस दौरान जब वैन की तलाशी ली गयी तो उसमें कार्टन में रखे गये शराब की बोतल बरामद हुई. इसमें 750 एमएल रॉयल ग्रीन ब्रांड की 69 बोतल और 180 एमएल की 95 बोतल शराब बरामद की गयी है.
गाड़ी के चालक कमलेश को गिरफ्तार किया गया है. कमलेश राघोपुर दियारा का रहने वाला है. इसके अलावा राहुल निवासी बाकरगंज और हरेंद्र राय निवासी बाकरगंज, दलदली रोड, कदमकुआं को गिरफ्तार किया गया है. शराब राघोपुर दियारा ले जाने की तैयारी थी. सूत्रों कि मानें तो बाहर से यह सप्लाइ ट्रक से आयी थी. अब इसे पिकअप में भरकर दियारा में ले जाया जा रहा था. दियारा से इसकी होम डिलिवरी होने वाली थी. पुलिस पकड़े गये लोगों से पूछताछ कर रही है.
शराब के नशे में दो गिरफ्तार : गांधी थाने की पुलिस ने शराब के नशे में दो युवकों को गिरफ्तार किया है. दोनों रात को पैदल घर जा रहे थे. कारगिल चौक के पास पुलिस ने जब रोक कर पूछताछ किया तो दोनों लड़खाड़ाने लगे.
इस पर उनका मेडिकल जांच कराया गया. जिसमें शराब पीने की पुष्टि हुई. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया. पकड़े गये युवकों की पहचान बिपुल निवासी चिनाकोठी और राजू लोदीपुर के रूप में हुई है. दोनो को जेल भेज दिया गया है.
