पटना : पटना नगर निगम प्रशासन जनवरी से ही एरियर के साथ कचरा उठाव शुल्क वसूल करेगा. संभावना है कि इस माह के अंत या फिर अप्रैल माह से नियमित कचरा शुल्क वसूलने की प्रक्रिया शुरू कर दी जायेगी. आधिकारिक जानकारी के मुताबिक निगम प्रशासन ने प्रत्येक हाउस होल्ड से प्रतिमाह 60 रुपये वसूलने की दर निर्धारित की थी.
लेकिन, विभागीय निर्देश पर 30 रुपये प्रतिमाह वसूले जायेंगे. इसको लेकर पेटीएम के साथ-साथ डेबिट, क्रेडिट और कैश भुगतान की व्यवस्था की जा रही है, ताकि कचरा शुल्क जमा करने में परेशानी नहीं हो. अपर नगर आयुक्त (सफाई) शीला ईरानी ने बताया कि अब तक कचरा शुल्क नहीं वसूला जा रहा है. लेकिन, शुल्क वसूलने की प्रक्रिया शुरू होगी, तो पहले जनवरी माह से एरियर के साथ शुल्क वसूल किया जायेगा.
गौरतलब है कि निगम प्रशासन ने दो अक्तूबर, 2018 से डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन की शुरुआत की. कचरा कलेक्शन के बाद निगम प्रशासन ने कचरा कलेक्शन शुल्क और गंदगी फैलाने पर जुर्माना वसूलने की योजना बनायी. इस योजना के तहत प्रस्ताव तैयार किया गया, जिसे स्थायी समिति व निगम बोर्ड से मंजूरी दी गयी.
