पटना : सीबीएसइ 12वीं बोर्ड की इंग्लिश इलेक्टिव-एन, इंग्लिश इलेक्टिव- सी और इंग्लिश कोर की परीक्षा शनिवार को आयोजित की गयी. इलेक्टिव के इस पेपर में प्रश्न नंबर 11 में जॉन इलियट के ‘सिलास मर्नेर’ नाम के नोवेल से पूछे गये सवालों पर चकरा गये. कुछ परीक्षा केंद्रों पर छात्रों ने इस संबंध में तत्काल प्रतिक्रिया भी जाहिर की. परीक्षार्थियों ने बताया कि यह किताब में नहीं है. यह हमें पढ़ाया ही नहीं गया.
इस मामले में सीबीएसइ बोर्ड की तरफ से व्यवस्था दी गयी कि इस मामले में परीक्षार्थी सीबीएसइ सचिव के सामने अपना रिप्रेजेंटेशन दें. वहीं उसका समाधान होगा. हालांकि परीक्षार्थियों ने उस प्रश्न को छोड़ कर सभी के उत्तर संतोषजनक तरीके से दिये. सीबीएसइ की यह परीक्षा आर्ट्स, साइंस और कॉमर्स स्ट्रीम के छात्रों के लिए थी. पेपर को हल करने के लिए तीन घंटे का समय दिया गया. पेपर सुबह 10.30 बजे शुरू हुआ और 1.30 बजे खत्म हो गया था. परीक्षा का आयोजन पूरी तरह शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से हुई. शहर में कहीं से भी किसी तरह की गड़बड़ी की सूचना नहीं है.
परीक्षा केंद्रों से मायूस लौटे देर से पहुंचे परीक्षार्थी
शहर के कुछ परीक्षा केंद्रों पर बच्चे लेट पहुंचे. उन्हें प्रवेश नहीं दिया गया. बच्चों को निराशा हाथ लगी. हालांकि उन्हें यह व्यवस्था दी गयी है कि वे कंपार्टमेंटल एग्जाम में परीक्षा दे सकेंगे. शनिवार को ही सीबीएसइ 10वीं बोर्ड के कंप्यूटर विषय की परीक्षा भी हुई.
