पटना : जिला पर्षद की बैठक एक बार फिर हंगामे की भेंट चढ़ गयी. इस बार भी बजट पास नहीं हो पाया. जिप सदस्यों की मानें तो बैठक में जिप की उपाध्यक्ष अपना आपा खो चुकी थीं. उन्होंने न सिर्फ हस्ताक्षर करने वाले रजिस्टर को फाड़ डाला बल्कि मसौढ़ी विधायक रेखा देवी की तरफ कुर्सी भी फेंकी और टेबल भी पलट दिया. इस बीच कई सदस्यों के साथ उनकी नोकझोंक भी हुई.
अपने एजेंडे को शामिल नहीं करने का कर रही थीं विरोध
बैठक की शुरुआत लगभग दो बजे से हुई. पहले उपस्थिति रजिस्टर को साइन कराने का काम किया गया. बैठक की कार्रवाई शुरू होते ही जिप की उपाध्यक्ष ज्योति सोनी ने उग्र रूप धारण कर लिया. वह पहले से बैठक की सूचना नहीं देने, अपने एजेंडों को शामिल नहीं करने पर विरोध कर रही थीं. उनके पास जैसे ही हस्ताक्षर करने के लिए रजिस्टर आया, उन्होंने रजिस्टर को फाड़ कर हवा में उड़ा दिया. इसके बाद मसौढ़ी विधायक रेखा देवी की तरफ कुर्सी भी फेंक दी.
हंगामे के बाद पहुंचे डीडीसी, कोरम नहीं हुआ पूरा
उपाध्यक्ष इतने आक्रोश में आ गयी थीं कि उन्होंने सामने पड़े टेबल पर रखे शीशे के कई गिलासों को पटक कर फोड़ दिया. इसके बाद भी उनका पारा शांत नहीं हुआ. सामने रखे टेबल को ही उलट दिया.
मसौढ़ी विधायक ने जिप उपाध्यक्ष पर अमर्यादित व्यवहार का आरोप भी लगाया. इसके साथ खुसरुपुर की जिप सदस्य अंकिता कुमारी व अन्य सदस्यों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई. हंगामे के बाद डीडीसी डॉ आदित्य प्रकाश पहुंचे. दोबारा बैठक करने की कोशिश की गयी. कोरम पूरा नहीं हो पाया. 49 के बदले 45 जिप सदस्यों की उपस्थिति दर्ज हो सकी. जिप अध्यक्ष के समर्थक सदस्य अन्य सभी मुद्दों को पास-पास कर चिल्लाते रहे. इस बीच बैठक स्थगित हो गयी. फरवरी अंत में भी बैठक हंगामे की भेंट चढ़ गयी थी.
जिप अध्यक्ष ने की कार्रवाई की मांग
जिला परिषद अध्यक्ष ने परिषद के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी सह डीडीसी को पत्र लिख का कार्रवाई की मांग की. उन्होंने कहा कि जिप उपाध्यक्ष ने अपशब्द का प्रयोग किया. सदन की कार्रवाई को भंग करने व सरकारी संपत्तियों को नष्ट करने का काम किया गया है. साथ ही उनका सहयोग सर्वेश कुमार, ओम प्रकाश अग्रवाल व अंकिता कुमारी ने भी सहयोग किया है. ऐसे में इन सभी पर कानूनी कार्रवाई की जाये.
अमर्यादित व्यवहार पर होगी कार्रवाई
कोरम के अभाव में बजट पर चर्चा नहीं हुई. जिप उपाध्यक्ष व अन्य सदस्यों ने बैठक में अमर्यादित व्यवहार किया. इस पर नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी. अन्य एजेंडों पर जिप अध्यक्ष को निर्णय लेने के लिए कहा गया है.
– डॉ आदित्य प्रकाश, डीडीसी, पटना
बैठक के एजेंडे में बजट का प्रस्ताव लाया गया था. बगैर सूचना के बैठक हो रही थी. हम लोगों का विरोध लोकतांत्रिक था. अध्यक्ष व अधिकारियों के मनमाना रवैये का विरोध किया जाता रहेगा.
– ज्योति सोनी, जिप उपाध्यक्ष
