पटना : जदयू के राष्ट्रीय महासचिव व सांसद आरसीपी सिंह की मौजूदगी में रालोसपा के प्रदेश उपाध्यक्ष कौशल कुमार सिंह, जटा शंकर झा एवं सत्येंद्र प्रसाद सिंह ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की.
सोमवार को जदयू प्रदेश कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में आरसीपी सिंह ने जदयू में शामिल होने वाले विभिन्न पार्टियों के नेताओं का स्वागत किया. बांका जिले के धोरैया थाने के गौरा गांव निवासी कौशल कुमार सिंह ने जदयू में शामिल होने पर कहा कि वह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कार्यशैली से प्रभावित हैं. बिहार में चल रही योजनाओं का लाभ सभी वर्ग के लोगों को मिल रहा है.
बिहार विकास की राह पर है. ऐसे में हम सभी मिलकर बिहार के विकास में भागीदार बनेंगे और पार्टी में बिना स्वार्थ के काम करेंगे. इस कारण हमने जदयू की सदस्यता ग्रहण की है. मिलन समारोह के दौरान जदयू नेता विद्यानंद विकल और छोटू सिंह आदि मौजूद थे.
