एलपीजी सिलिंडर का बैकलाॅग बढ़ा
पटना : तमाम प्रयासों के बावजूद पटना-आरा मार्ग पर लगने वाले जाम से दो घंटे का सफर सात-आठ घंटों में मुश्किल से पूरा हो रहा है. लगन होने के कारण इस मार्ग पर बड़े वाहनों की आवाजाही बढ़ गयी है. जाम के कारण आरा से पटना एलपीजी सिलिंडर समय पर पटना नहीं पहुंच पा रहा है. इसका असर लाखों उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है. लगन के कारण एलपीजी सिलिंडर की मांग अधिक है.
इसके कारण जिन घरों में शादी है उनको गैस सिलिंडर के लिए दूसरे-तीसरे कंपनी से मदद लेनी पड़ रही है. उपभोक्ताओं को एलपीजी सिलिंडर के लिए सात-आठ दिन से अधिक समय लग रहा है. बैकलॉग बढ़ने का फायदा वेंडर उठा रहे हैं. सिलिंडर लेने के लिए लोगों को हजार रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं.
छपरा पुल पर भी जाम
तेल कंपनियों का कहना है कि तमाम कोशिशों के बावजूद उपभोक्ताओं को समय पर रसोई गैस उपलब्ध नहीं करा पा रहे हैं. जबकि प्लांट और प्लांट के आसपास सिलिंडर भरा ट्रक खड़ा है. इसके अलावा छपरा पुल पर भी जाम लगने के कारण छपरा, सीवान, गोपालगंज आदि जिले में भी एलपीजी सिलिंडर समय पर नहीं पहुंच पा रहा है. इन इलाके में भी बैकलॉग 5-6 दिन चल रहा है.
