पटना : बिलट बंधु साइकिल बाबा शिवहर लोकसभा क्षेत्र से इस बार निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे. इससे पहले वे वर्ष 1980 में शिवहर लोकसभा सीट से कुल 20 नया पैसा खर्च निर्दलीय चुनाव लड़ चुके हैं. उसमें करीब 14 हजार वोट मिले थे और वे हार गये थे.
यह जानकारी उन्होंने प्रभात खबर के पटना कार्यालय में रविवार को दी. वे एक सप्ताह से पटना प्रवास पर हैं. इस दौरान बिहार कांग्रेस प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ मदन मोहन झा, तेजस्वी यादव और रामचंद्र पूर्वे से मिल चुके हैं.
साइकिल बाबा ने कहा कि उनकी उम्र इस समय करीब 68 वर्ष है और वे भ्रष्टाचार के खिलाफ करीब 43 साल से साइकिल पर भारत भ्रमण कर अभियान चला रहे हैं. वे सीवान के डीएवी कॉलेज से गणित में बीएससी ऑनर्स हैं. सीवान के चीनी मिल में क्लर्क की नौकरी के दौरान वे जेपी मूवमेंट में शामिल हुए. उन पर शूट वारंट जारी हुआ, लेकिन भूमिगत होने के कारण वे बच गये.
पटना : इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ जी संजीव रेड्डी ने कहा है कि नरेंद्र मोदी सरकार मजदूरों की मांग को पूरा नहीं करेगी, तो सभी मजदूर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जायेंगे.
इंटक बिहार के छठे राज्यस्तरीय अधिवेशन के बाद पत्रकारों से बात करते हुए यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ संजीव रेड्डी ने कहा कि इसके पूर्व भी केंद्र सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों के विरुद्ध एवं 12 सूत्री मांगों की पूर्ति के लिए आठ-नौ जनवरी को राष्ट्रव्यापी हड़ताल किया गया था, जिसमें 20 करोड़ कर्मचारी और मजदूरों ने बिना किसी दबाव के हड़ताल में शामिल होकर अपना समर्थन दिया था. अगर अब हमारी मांग को केंद्र सरकार नहीं पूरा करेगी, तो मजदूरों के साथ बैंक कर्मचारी भी फिर से हड़ताल पर जायेंगे.
डॉ रेड्डी ने कहा कि केंद्र सरकार ट्रेड यूनियनों को खत्म करना चाहती है, ताकि अंबानी जैसे बड़े उद्योगपतियों को मुनाफा पहुंचा सके. ऐसे में रेल कर्मी भी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं और वह भी हड़ताल में हमारा सहयोग करेंगे. इस पर 17 मार्च को छत्तीसगढ़ में होने वाले जोनल कांग्रेस के सम्मेलन में निर्णय लिया जायेगा.
छठी बार इंटक के प्रदेश अध्यक्ष बने चंद्रप्रकाश : इंटक का छठा
राज्यस्तरीय त्रैवार्षिक प्रतिनिधि सम्मेलन में चंद्रप्रकाश सिंह को पुन: इंटक का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया. वे छठी बार प्रदेश अध्यक्ष बने हैं. सम्मेलन में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई. प्रदेश अध्यक्ष चंद्रप्रकाश सिंह ने वार्षिक प्रतिवेदन व पिछले आय-व्यय का ब्योरा प्रस्तुत किया.
