पटना : पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती बर्न पीड़ित महिला मरीज काजल को आखिरकार आइसीयू में बेड उपलब्ध करा दिया गया. इमरजेंसी वार्ड के आइसीयू में मंगलवार को काजल को बेड मुहैया कराया गया.
काजल को बर्न वार्ड के सीनियर व विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में आइसीयू में भर्ती किया गया है. डॉक्टरों को विशेष निगरानी करने का आदेश जारी किया गया है. भर्ती के बाद सीनियर डॉक्टरों ने काजल का ड्रेसिंग कराया और इलाज में जुटे रहे. पीएमसीएच के अधीक्षक डॉ राजीव रंजन प्रसाद ने बताया कि काजल को आइसीयू में भर्ती किया गया है जहां सीनियर डॉक्टरों की देखरेख में इलाज किया जा रहा है.
चार दिनों से उचित इलाज के लिए लगा रहे थे गुहार
कटिहार की रहने वाली काजल और उसके पति दीपक कुमार गैस लीकेज की चपेट में आने से जल गये थे. काजल जहां 90 प्रतिशत झुलस गयी थी वहीं दीपक 60 प्रतिशत जल चुका है. आनन-फानन में परिजनों ने पीएमसीएच में 28 दिसंबर को भर्ती कराया जहां इमरजेंसी के जनरल वार्ड बेड नंबर 52 व 53 पर दोनों मरीज को भर्ती कर दिया गया.
गंभीर स्थिति में जूझ रही काजल को पति दीपक व देवर भावेश ने आइसीयू में बेड उपलब्ध कराने की मांग की थी. दीपक के भाई भावेश इमरजेंसी वार्ड के कंट्रोल रूम में कई बार जाकर आइसीयू में बेड की मांग की थी, लेकिन उसे बेड उपलब्ध नहीं कराया जा सका. परेशान होकर भावेश ने प्रभात खबर से संपर्क किया. भावेश के दर्द और अस्पताल प्रबंधन की बेरुखी पर पीएमसीएच प्रशासन का ध्यान खबर छपने के बाद गया और इसके बाद महिला मरीज को तुरंत आइसीयू में बेड उपलब्ध करा के भर्ती किया गया.
