पटना सिटी : खाजेकलां थाना क्षेत्र के बेगमा की हवेली मुहल्ला में पड़ोसी युवक ने मंगलवार की शाम 22 वर्षीय युवक अंजनी कांत सिंह की गोली मार हत्या कर दी है. वह भी इस विवाद में कि परिवार के साथ पिकनिक मना कर ऑटो से घर लौट रहे ऑटोचालक रजनीकांत को आरोपित युवक ने यह कहते हुए ऑटो समेत रोक दिया था कि रास्ता संकरा है.
ऑटो घर के पास नहीं जाने देंगे, इसी बकझक के बाद आरोपित युवक घर पहुंच कर गाली-गलौज करते हुए घटना को अंजाम दिया गया. सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज भेजा है. मामले की जांच को पहुंचे एएसपी बलिराम कुमार चौधरी ने बताया कि मृतक अंजनी के बड़ा भाई रजनीकांत ऑटो चालक है, नववर्ष पर परिवार को घुमाने के लिए ऑटो से ले गया था.
घूम कर परिवार के सदस्यों को लेकर जब वह लौटा, तो पड़ोसी युवक विक्की ने ऑटो अंदर घर के पास नहीं जायेगा, रास्ता संकरा है, रजनीकांत ने विरोध करते हुए कहा कि ऑटो में परिवार के लोग सवार हैं, ऑटो लेकर घर के पास जायेगा. इसी बीच रजनी ऑटो लेकर घर आ गया. पीछे से रजनी के घर पहुंचे विक्की ने गाली गलौज आरंभ कर दिया.
विरोध करते हुए घर से बाहर जब छोटा भाई अंजनीकांत सिंह आया, तो विक्की उससे बहस करते हुए पिस्तौल निकाल गोली मार दी. जख्मी अंजनी को परिजन पहले श्री गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल फिर नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर आये, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया.
