हिलसा/बाढ़ : बाढ़ के कंपांडर अजय यादव की हिलसा में तीन दिन पूर्व हुई हत्या की गत्थी सुलझा लेने का पुलिस ने दावा किया है. डीएसपी मो मुत्तफिक की मानें तो अजय की हत्या बदले की भावना और धन के लालच में उसके बहनोई चंदन यादव ने करवायी थी. अजय की हत्या के लिए चंदन ने अपने फुफेरे बहनोई बुच्चा एवं एक अन्य का सहयोग लिया.
बुधवार की शाम चंदन बाढ़ से अजय को नर्सिंग होम से साथ लिया और बाइक से फुफेरे बहनोई बुच्चा के साथ हिलसा पहुंचा. हिलसा आने के क्रम में चंदन के फुफेरे बहनोई बुच्चा ने हिलसा में रहकर ट्रैक्टर चलाने वाले भतीजे अखिलेश से संपर्क किया. हिलसा पहुंचकर तीनों पेट्रोल पंप पर रुके, जहां थोड़ी देर बाद अखिलेश पहुंचा. उसके बाद चारों एक ही बाइक पर सवार होकर लोहंडा गये, वहां शराब एवं चखना लेने के बाद लोहंडा से पश्चिम बड़ी घोसी गांव जाने वाले रोड में गये. गांव से बाहर तिनमुहनी नदी के समीप सुनसान इलाके में पहुंचने के बाद चारों ने साथ में बैठकर शराब पी, जब कंपाउंडर अजय पूरी तरह से नशे में हुआ तो उसकी गोली मारकर हत्या के बाद तीनों अपने-अपने घर चले गये. घटना में प्रयुक्त बाइक एवं मोबाइल को भी बरामद कर लिया गया है.
पिस्तौल की बरामदगी तथा कांड में संलिप्त अखिलेश की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह छापेमारी की जा रही है. मालूम हो कि 27 दिसंबर की सुबह हिलसा थाना क्षेत्र के बड़ी घोसी गांव के खंदे में सड़क के किनारे अज्ञात शव फेंका मिला था. मृतक के पास रहे कागजातों के आधार पर उसकी पहचान बाढ़ स्थित जनता नर्सिंग होम के कंपाउंडर अजय यादव के रूप में हुई थी.
