खेमका परिवार से जुड़े करीब 25 सदस्यों का पुलिस ने निकाला सीडीआर, की गयी पूछताछ
पटना : गुंजन खेमका हत्याकांड की जांच में जुटी एसआइटी अब प्रदेश के पांच जिलों के शूटरों की कुंडली खंगाल रही है. इसमें पटना, छपरा, मुजफ्फरपुर, वैशाली व नालंदा जिले शामिल हैं. इन जिलों में हुए बड़े हत्याकांडों को अंजाम देने वाले शूटरों की सूची बनायी जा रही है. अब तक जिन शूटरों का नाम आया था, उनका लोकेशन देखा जा रहा है. जेल में हैं या बाहर हैं.
इसके अलावा भी अन्य बिंदुआें पर जांच हो रही है. हालांकि, पुलिस जिस तरह से इस हत्याकांड की जांच कर रही है उससे मामला और उलझता दिख रहा है. अब तक पुलिस के पास कोई भी ठोस प्रमाण हाथ नहीं लगे हैं. घटना स्थल से जो भी साक्ष्य मिले थे, उस पर पुलिस आगे नहीं बढ़ पा रही है. पुलिस को जमीन विवाद, पर्सनल विवाद, बिजनेस से जुड़े किसी प्रकार के विवाद के बारे में जानकारी नहीं मिल पायी है. फिलहाल पुलिस का दावा है कि मामले का जल्द खुलासा कर लिया जायेगा.
एसआइटी हत्या का कारण नहीं तलाश पायी है. लेकिन, शूटरों की कुंडली जरूर खंगाल रही है. इसके अलावा जांच का दूसरा हथियार सीडीआर है. अब तक खेमका परिवार और उनसे करीबी रिश्ता रखने वाले करीब 25 लोगों का सीडीआर निकाला जा चुका है. इसको लेकर पुलिस कई लोगों से पूछताछ भी कर चुकी है. परिवार के सदस्याें से रविवार को भी पूछताछ की गयी है. दरअसल पुलिस खेमका परिवार के एक-एक सदस्य के बारे में जानकारी जुटा रही है. कौन क्या करता है, क्या बिजनेस है, किससे विवाद है. कभी पुलिस केस किसी पर है या नहीं. हालांकि, इस जांच से खेमका परिवार की मुश्किलें बढ़ गयी हैं. खेमका परिवार पुलिस की इस जांच से संतुष्ट नहीं दिख रही हैं.
दरअसल इस हत्याकांड की कड़ी हाजीपुर मंडल कारा से जुड़ी हुई है. हाल में जमानत लेकर बाहर निकले शूटर ने घटना को अंजाम दिया है. एसआइटी अगर जेल में बंद कुछ अपराधियों से पूछताछ करे, तो मामले का खुलासा हो सकता है. जिस शूटर पर शक है उसके साथ जेल में बंद दूसरे अपराधियों से पूछताछ में कलई खुल जायेगी. वहीं, गुंजन खेमका का ड्राइवर भी शक के दायरे में है. उसे सीधे तौर पर गोली नहीं मारी गयी है, उसे छर्रा लगा है. संभावना है कि वही इस घटना का लाइनर है. फिलहाल पुलिस अब तक पूछताछ में उससे कुछ उगलवा नहीं पायी है. छानबीन जारी है. हालांकि, एसआइटी ने राघोपुर दियारा में रविवार को भी छापेमारी की है. मामले की पड़ताल की जा रही है
