पटना : छापेमारी करने गयी पुलिस टीम पर अपराधियों ने अचानक हमला बोल दिया. जिसमें एक सिपाही को गोली लग गयी. वहीं अचानक हुए हमले का जवाब पुलिस ने क्रास फायरिंग करके दिया. इसके साथ ही पुलिस ने भाग रहे एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है. इधर अपराधियों की गोली से घायल सिपाही को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया. मृतक सिपाही का नाम मुकेश कुमार बताया जा रहा है. अपराधियों की गोलीबारी में एक सिपाही की मौत की खबर से पटना पुलिस मुख्यालय में हड़कंप मच गया. एसएसपी मनु महाराज समेत आसपास के कई थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच कर अपराधियो को पकड़ने में जुट गयी. पुलिस के अधिकारियों ने घटना की जांच के आदेश दे दिये हैं.
बताया जा रहा है कि पटना पुलिस की विशेष टीम आरती पटना बाईपास इलाके में छापेमारी करने गयी थी. इसी दौरान पटना सेंट्रल स्कूल के सामने अपराधियों से पुलिस टीम की भिड़ंत हो गयी. अचानक अपराधियों ने पुलिस टीम पर गोली चला दी. अपराधियों की गोली सिपाही मुकेश कुमार को जा लगी. उधर अपराधियो का जवाब देते हुए भी पुलिस टीम ने भी क्रॉस फायरिंग किया. पुलिस की जवाबी फायरिंग से घबराए अपराधी भाग निकलने में कामयाब हो गये. हालांकि, पुलिस ने भाग रहे एक अपराधी को पकड़ लिया जिससे वरीय अधिकारी पूछताछ कर रहे हैं.
