पटना : उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने ट्वीट कर कहा है कि राजग सरकार ने बिहार में कृषि रोडमैप लागू किया और केंद्र सरकार ने किसानों की आय दोगुनी करने के लिए कई योजनाएं लागू की. खेती के लिए बजटीय आवंटन यूपीए सरकार के 121082 करोड़ से बढ़ाकर 211694 करोड़ किया गया. जिन दलों ने किसानों की अनदेखी कर पारिवारिक संपत्ति बढ़ायी, वे सारे दल भाजपा और प्रधानमंत्री का विरोध करने के लिए दिल्ली में किसानों के बहाने एक होने का नाटक करते दिखे.
एक अन्य ट्वीट में मोदी ने कहा किबिहार विधान मंडल के पांच दिवसीय शीतकालीन सत्र में जनता से जुड़े 558 सवाल स्वीकृत थे. लेकिन विपक्ष के परिवारवादी हठ के चलते एक सवाल पर भी सदन में चर्चा पूरी नहीं हो पायी. उन्हें जन समस्याओं की नहीं केवल सजायाफ्ता लालू प्रसाद की चिंता थी और वे कोर्ट जाने के बजाय विधानमंडल का वक्त बर्बाद करते रहे. जिन्हें सदन में संसदीय तरीके से बात रखने के लिए जनता ने चुना था वे केवल गले का जोर आजमाते रहे.
