पटना : पटना विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनाव के लिए शनिवार को एक भी नॉमिनेशन नहीं हुआ है. हालांकि फॉर्म लेने के लिए सुबह दस बजे से ही चुनाव पदाधिकारी विवि के व्हीलर सीनेट हॉल में बैठे रहे, लेकिन कोई भी छात्र वहां नहीं आया. हालांकि फॉर्म की बिक्री अंतिम दिन भी जारी थी. काउंटर बंद होने तक 412 फॉर्म बिके थे.
अब फॉर्म जमा लिये जायेंगे. रविवार को भी नॉमिनेशन के मद्दे नजर विवि खुला रहेगा. चूंकि छात्र अटेस्टेड के लिए जायेंगे, इसको देखते हुए कॉलेज व पीजी विभागों को भी खुला रखने का निर्णय लिया गया है. इस संबंध में अधिसूचना भी जारी कर दी गयी है. उम्मीद जतायी जा रही है कि रविवार को भी कम ही नॉमिनेशन होने की उम्मीद है. ज्यादातर नॉमिनेशन अंतिम दिन यानी सोमवार को ही होंगे.
27 नवंबर को होगी स्क्रूटनी, 28 को जारी होगी उम्मीदवारों की सूची : 27 नवंबर को स्क्रूटनी होगी. 28 नवंबर को 3.30 तक छात्रों की सूची जारी कर दी जायेगी. 29 नवंबर दोपहर साढ़े तीन बजे तक नाम वापसी की तारीख है. इसी दिन शाम 6 बजे फाइनल सूची जारी होगी. पांच दिसंबर को चुनाव होंगे. उसी दिन शाम चार बजे से सायंस कॉलेज में काउंटिंग होगी और देर रात जीते हुए प्रत्याशियों की अधिकारिक रूप से घोषणा कर दी जायेगी.
तीन दिसंबर को प्रेसिडेंसियल डिबेट
तीन दिसंबर को प्रेसिडेंसियल डिबेट का आयोजन पटना कॉलेज ग्राउंड में किया जायेगा. इसमें अध्यक्ष पद के सारे उम्मीदवारों को मौका दिया जायेगा कि वे अपनी बात को छात्र-छात्राओं को समक्ष रखें. इधर कैंपस में लगभग हर वर्ग में दो कक्षाओं के दौरान 5-10 मिनट के गैप में छात्र नेता पहुंचते हैं और छात्र-छात्राओं के बीच अपनी बात को रखते हुए वोट मांगते हैं.
कई संगठनों ने अब तक नहीं घोषित किये नाम
चुनाव को लेकर इस बार हर संगठन फूंक-फूंक कर कदम रख रहे हैं. छात्र संगठन इस बार जल्दी अपने पत्ते नहीं खोल रहे हैं. संगठन प्रचार-प्रसार में तो लगे हैं, लेकिन अब तक अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है. हालांकि कई नेता जो खुद को उम्मीदवार मानते हैं स्वयं विभिन्न पदों के लिए खुद से प्रचार करने और जनसंपर्क बढ़ाने में लगे हुए हैं. भले अब तक संगठन ने उनके नामों की घोषणा नहीं की है.
एबीवीपी से मणिकांत मणि अध्यक्ष पद के लिए जनसंपर्क कर रहे हैं तो वहीं एनएसयूआई से सैय्यद अली रजा हाशमी अध्यक्ष पद को लेकर प्रचार कर रहे हैं. उपाध्यक्ष पद पर अभिषेक मुन्ना प्रचार करते नजर आ रहे हैं. हालांकि वे निर्दलीय लड़ने की घोषणा कर चुके हैं. पटना कॉलेज के कॉलेज काउंसेलर के पद पर अभिनव ने चुनाव लड़ने की घोषणा की है. ये सभी रविवार या सोमवार को फॉर्म भरेंगे.
आईसा ने चलाया अभियान
पटना : पटना विवि छात्र संघ चुनाव को लेकर आईसा ने वर्ग-वर्ग दस्तक अभियान चलाया और लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट के लिए वोट मांगा और अपने एजेंडे से छात्रों से रू-ब-रू हुआ. आईसा ने छात्रों के मूल सवाल, शिक्षकों और कर्मचारियों के सवाल को मजबूती से संघर्ष कर उठाते रहा है. 26 को लेफ्ट डेमोक्रेटिक प्रत्याशी का नोमेनिशन होगा.
दल बदल भी शुरू
सीवाईएसएस के पटना विवि के अध्यक्ष शौकत अली दर्जनों समर्थकों के साथ जन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय संरक्षक सह सांसद पप्पू यादव के समक्ष अधिकार छात्र परिषद में शामिल हो गये. सांसद पप्पू यादव के आवास पर जन अधिकार छात्र परिषद की एक बैठक हुई.
