पटना : उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा है कि राज्य में 903 पशु चिकित्सकों की नियुक्ति शीघ्र की जायेगी. बीपीएससी ने साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी कर ली है. इससे पशु चिकित्सकों की कमी दूर होगी. वे बुधवार को वेटनरी कॉलेज के सभागार में बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के तत्वावधान में पशु पोषण पर आयोजित तीन दिवसीय काॅन्फ्रेंस के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे.
उन्होंने कहा कि मछली आहार की फैक्टरी के लिए 1 करोड़ तक निवेश करने वालों को 50 लाख तथा 10 लाख तक निवेश करने वालों को 5 लाख रुपये राज्य सरकार अनुदान देगी. बिहार देश का पहला राज्य है, जहां पशु चिकित्सा की पढ़ाई करने वाले छात्रों को प्रतिमाह दो हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी जाती है.
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भोजपुर के बिहिया में 300 टन क्षमता का पशु आहार कारखाना अगले साल जनवरी में शुरू हो जायेगा. महेशखूंट में भी 300 टन पशु आहार उत्पादन क्षमता की फैक्टरी लगायी जा रही है.
मछली आहार की 10 नयी फैक्टरी भी लगायी जायेगी. बिहार में सूखा चारा की 37 प्रतिशत, हरा चारा की 60 प्रतिशत और कान्सेंट्रेट चारा की 42 प्रतिशत कमी है. कम्फेड की ओर से पटना, मुजफ्फरपुर और रांची में पशु आहार की 460 टन उत्पादन क्षमता की तीन फैक्टरी कार्यरत हैं.
उन्होंने कहा कि बिहार में पशु प्रजनन नीति का गठन किया गया है. कृत्रिम गर्भाधान को बढ़ावा दिया जा रहा है. बक्सर के डुमरांव में भारत सरकार की गोकुल ग्राम मिशन के तहत 8 करोड़ की लागत से गायों की देसी नस्ल के विकास की योजनाएं कार्यान्वित की जा रही हैं. 2017-18 में पशुओं को 5 करोड़ से ज्यादा टीका लगाये गये हैं. देश में बिहार मछलीऔर सब्जी उत्पादन मेंतीसरेे, गेहूं, धान के उत्पादन में छठें और दूध के उत्पादन में नौवें स्थान पर है. 2005-06 में मछली का उत्पादन जहां 2.80 लाख टन था, वहीं 2017-18 में बढ़ कर 5.78 लाख टन हो गया.
सीएससी से करार
कृषि मंत्री डॉ प्रेम कुमार की मौजूदगी में विभाग का सहज एवं सीएससी (कॉमन सर्विस सेन्टर) के साथ करार हुआ. एकरारनामा पर कृषि विभाग की ओर से कृषि निदेशक आदेश तितरमारे, सहज की ओर से राज्य प्रमुख जितेन्द्र कुमार एवं सीएससी की ओर से राज्य प्रमुख संतोष तिवारी द्वारा हस्ताक्षर किये गये.
मंत्री ने कहा कि सीएससी एवं सहज के माध्यम से किसानों के आधार से लिंक बैंक खातों में अनुदान की राशि भेजने के लिए उनका बायो ऑथटिकेशन किया जा रहा है. विभाग द्वारा इन दोनों संस्थानों के पंचायत स्तर पर उपलब्ध सुविधा का उपयोग पंजीकरण के लिए किया जा रहा है.
पटना : किसानों के हितों का ख्याल रख रही है सरकार : प्रेम कुमार
पटना : कृषि मंत्री प्रेम कुमार ने कहा है कि किसानों को चिंता करने की जरूरत नहीं है. सरकार उनके हितों का ख्याल रख रही है. सूखाग्रस्त घोषित सभी 275 प्रखंडों के किसानों को इनपुट अनुदान तो मिलेगा ही साथ ही आकस्मिक फसल योजना के तहत रबी की खेती में उनको मुफ्त में उनको बीज मिलेगा. फसल सहायता योजना से भी सहायता मिलेगी. वे बुधवार को बापू सभागार में कृषि इनपुट सब्सिडी को लेकर हुई बैठक को संबोधित कर रहे थे.
