पटना : बिहार में एक बार फिर बड़े स्तर पर पुलिसकर्मियों का तबादला किया गया है. इस बार बिहार पुलिस मुख्यालय के आदेश पर रेल डीआईजी ने करीब 900 पुलिसकर्मियों का तबादला कर दिया है. इसके साथ-साथ 210 हवलदारों का भी तबादला किया गया है. सरकार ने वैसै पुलिसवालों का तबादला किया गया है जो 6 वर्षों से अधिक समय तक एक ही जगह पर पदस्थापित थे. बिहार पुलिस मुख्यालय के ज्ञापांक 178 के आलोक में सभी रेल एसपी को तबादला की सूची में आने वाले पुलिसवालों को एक दिसंबर तक विरमित करने का निर्देश दिया गया है.
विदित हो कि इससे पहले गुरुवार को भी 4941 सिपाहियों का पुलिस मुख्यालय ने जोन ट्रांसफर कर दिया गया था. जिसमें, पटना पुलिस लाइन की 755 महिला प्रशिक्षु सिपाहियों को प्रशिक्षण के लिए पटना से बाहर भेज दिया था. इनमें 400 महिला प्रशिक्षु सिपाही बीएमपी कटिहार भेजी गयी थी. वहीं, 322 सिपाहियों को बीएमपी बेगूसराय और 33 प्रशिक्षु सिपाही को बीएमपी-2 डेहरी भेजा गया था. तब एडीजी मुख्यालय एसके सिंघल ने कहा था कि आगे भी इस तरह के तबादले होते रहेंगे. गौरतलब हो कि राजधानी पटना स्थित पुलिस लाइन में हुए हंगामे के बाद पुलिस मुख्यालय सख्त हो गया है. जिसके बाद पुलिस मुख्यालय कड़ा रुख इक्तिहार करते हुए वैसे सिपाहियों का जोन ट्रांसफर कर दिया गया है जो अपने जोन में 10 वर्ष का समय पूरा कर चुके थे.
