पटना : विश्व प्रसिद्ध सोनपुर मेला का आनंद अगर आप उठाना चाहते है तो इस बार बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम ने स्पेशल पैकेट टूर तैयार किया है. इसके पर्यटक मात्र 200 खर्च कर सोनपुर मेला का भ्रमण कर आनंद उठा सकेंगे. पटना- सोनपुर – पटना पैकेज टूर में गाइड, पानी और स्नैक्स हर पर्यटकों को दिया जायेगा.
इस बात की जानकारी पर्यटन निगम के महाप्रबंधक डॉ. हरेंद्र प्रसाद ने शुक्रवार को दी. उन्होंने बताया कि यह पैकेज टूर हर दिन पर्यटन निगम के कौटिल्य विहार से प्रतिदिन सुबह दस बजे खुलेगी और सोनपुर से वापस छह बजे होगी. इसके अलावा पटना- वैशाली- बासोकुंड – सोनपुर – पटना पैकेज टूर के लिए प्रति पर्यटक 600 रुपये (एसी बस) तथा 450 रुपये (ट्रेवलर) का भुगतान करना होगा.
इसमें पर्यटकों को गाइड, पानी, स्नैक्स और लंच दिया जायेगा. पटना- नालंदा-राजगीर-पावापुरी -पटना पैकेज टूर के प्रति व्यक्ति 750 रुपये खर्च करना होगा. गाइड, पानी, स्नैक्स और लंच दिया जायेगा. प्रसाद ने बताया कि पैकेज टूर का आरक्षण 21 से हो सकेगा. विशेष जानकारी के लिए 8544402437 से संपर्क कर सकते हैं.
