पटना : छठ पूजा में बिहार आने वाले लोगों की संख्या बढ़ गयी है. इससे ट्रेनों में भीड़ के साथ साथ पटना जंक्शन पर भी यात्रियों की भीड़ बढ़ गयी है.
यात्रियों की भीड़ पर नजर रखने को लेकर आरपीएफ व जीआरपी की टीम जंक्शन के सर्कुलेटिंग एरिया से लेकर एक-एक प्लेटफॉर्म पर तैनात की गयी है. वहीं, सीसीटीवी से भी लगातार निगरानी की जा रही है. प्लेटफॉर्म पर भीड़ बढ़ने के बावजूद अफरा-तफरी का माहौल नहीं बने. इसको लेकर जंक्शन अधिकारियों की ओर से की गयी व्यवस्था देखने रविवार को 2:30 बजे दानापुर रेल मंडल डीआरएम रंजन प्रकाश ठाकुर निरीक्षण करने पहुंचे.
प्लेटफॉर्म पर बनाये सहायता डेस्क, गेट और प्लेटफॉर्म पर टीटीई गायब दिखे. गेट व सहायता डेस्क से गायब टीटीई को देख डीआरएम बिफर गये और सीनियर डीसीएम को निर्देश दिया कि ड्यूटी पर लगाये गये सभी टीटीई को निलंबित करें. इसके बाद सात टीटीई को सस्पेंड कर दिया गया. सस्पेंड होने वालों में रजनीश कुमार, ललन पासवान, राकेश कुमार, अनिल कुमार, राजीव रंजन, मनीदीप शंकर व एसके उजाला शामिल हैं.
डीआरएम ने निरीक्षण के दौरान तीनों फुट ओवरब्रिज का जायजा लिया. साथ ही एक-एक प्लेटफॉर्म देखने के साथ प्लेटफॉर्म संख्या एक पर पहुंचे. फुट ओवरब्रिज पर ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ उपस्थित थे. लेकिन, एफओबी पर बैठे यात्रियों को हटा नहीं रहे थे. ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ मोबाइल व आपसी बातचीत में व्यस्त दिखे.
इलेक्ट्रिक स्टाफ किये गये ट्रांसफर
डीआरएम निरीक्षण के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या एक पर लगाये गये एस्केलेटर के पास पहुंचे, तो एस्केलेटर बंद दिख. इसकी तहकीकात की गयी, तो पता चला कि ड्यूटी पर तैनात स्टाफ गायब है.
इसके बाद जंक्शन पर तैनात सभी इलेक्ट्रिक स्टाफ के ट्रांसफर करने का आदेश दिया गया. वहीं, प्लेटफॉर्म के साथ साथ सर्कुलेटिंग एरिया में जगह-जगह गंदगी बिखरी पड़ी दिखी. इसके बाद संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए आदेश दिया कि अगली बार से कहीं गंदगी नहीं दिखनी चाहिए. अगर गंदगी दिखा, तो सख्त कार्रवाई की जायेगी.
