पटना : राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के परिवार से बड़ी खबर आ रही है. लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव शादी के पांच महीने के बाद ही अपनी पत्नी ऐश्वर्या राय से तलाक लेंगे. तलाक के लिए तेज प्रताप यादव ने पटना सिविल कोर्ट में तलाक की याचिका दायर कर दी है. वृदांवन से लौटे तेज प्रताप ने गुरुवार को ही पटना सिविल कोर्ट के अपर प्रधान न्यायाधीश उमाशंकर द्विवेदी की फैमिली कोर्ट में तलाक की अर्जी दाखिल कर दी है. कोर्ट ने मामले की सुनवाई के लिए 29 नवंबर की तिथि तय की है.
तेज प्रताप यादव ने 13 (1ए) हिंदु मैरेज एक्ट के तहत तलाक के लिए अर्जी दायर किया गया है, जिसका केस नंबर 1208/2018 है. विदित हो कि समान्यत: शादी के छह महीने के भीतर तलाक की अर्जी दाखिल नहीं की जा सकती. लेकिन इस मामले में अर्जी छह महीने के भीतर दाखिल किया गया है. हालांकि, अति विशेष परिस्थितियों में छह महीने के भीतर तलाक की अर्जी दाखिल की जा सकती है.
पत्नी के साथ नहीं रहना चाहते तेज प्रताप
दायर याचिका में तेज प्रताप ने कहा है कि वे अपनी पत्नी ऐश्वर्या राय के साथ नहीं रहना चाहते. दोनों के बीच आपसी तालमेल नहीं है, ऐसे में कोर्ट तलाक की अनुमति दे. वहीं, इस मामले में लालू परिवार का कोई सदस्य कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है.
ऐश्वर्या अपने पिता और मां के साथ पहुंची राबड़ी आवास
खबर प्रकाश में आने के बाद तेज प्रताप के ससुर चंद्रिका राय राबड़ी देवी के आवास पर पहुंचें है. इस दौरान जब पत्रकारों ने उनसे बात करनी चाही तो बीन बात किये आगे निकल गये. उनके साथ उनकी पत्नी और बेटी ऐश्वर्या राय भी साथ में थी. वहीं, सूचना के मुताबिक तेज प्रताप की बड़ी बहन और राज्यसभा सांसद मीसा भारती और भोला पासवान भी आवास पर पहुंचे हैं. बताया जा रहा है कि तेज प्रताप यादव और उनकी पत्नी ऐश्वर्या के बीच काफी अनबन चल रही थी.
सुलह की कोशिशें हुई शुरू, रास्ते से लौटे तेज प्रताप
तेज प्रताप व ऐश्वर्या के बीच तलाक की खबर फैलते ही दोनों प्रतिष्ठित सियासी परिवारों के बीच सुलह की कोशिशें शुरू हो गयी हैं. खबर के तुरंत बाद तेज प्रताप पिता लालू प्रसाद से मिलने के लिए रांची रवाना हो गये थे, लेकिन उनको बीच रास्ते से ही वापस बुला लिया गया. राबड़ी देवी के बुलावे पर लालू प्रसाद की बड़ी बेटी मीसा भारती भी 10 सर्कुलर रोड पहुंची. इसके साथ ही यह भी सूचना मिल रही है कि शरद यादव और लालू यादव की शनिवार को मुलाकात होनी थी, जिसे शरद यादव ने अब अपना कार्यक्रम स्थगित कर दिया है.
गौरतलब हो कि लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव और चंद्रिका राय की बेटी ऐश्वर्या से करीब 5 माह पहले ही पटना में शादी हुई थी. लेकिन 5 माह के बाद ही तेज प्रताप यादव अब ऐश्वर्या से तलाक लेना चाहते हैं. तेज प्रताप यादव की शादी इसी साल 12 मई को पटना में बड़े धूम-धाम से हुई थी. जिसमें भारी संख्या में लोग जुटे थे. वहीं, सजायाफ्ता लालू यादव को तेज प्रताप यादव की शादी के लिए पैरोल दिया गया था. वहीं, उनकी पत्नी ऐश्वर्या के राजनीति में एंट्री होने की भी खबर आयी थी. ज्ञात हो कि ऐश्वर्या राय बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री दरोगा प्रसाद राय की पौत्री और परसा विधानसभा क्षेत्र से राजद के विधायक चंद्रिका राय की बड़ी बेटी हैं. ऐश्वर्या राय ने अपनी स्कूल की पढ़ाई पटना से की है और उच्च शिक्षा दिल्ली से पूरा किया है.
