पटना : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 10वीं व 12वीं बोर्ड परीक्षा में परीक्षार्थियों को अब अब लघु उत्तरीय प्रश्नों में भी अधिक विकल्प मिलेंगे. उनके लिए अधिक से अधिक प्रश्नों को हल करना होगा आसान.
बोर्ड की ओर से इस बार जारी सैंपल प्रश्नपत्रों को देखा जाये, तो इस बार इंटरनल च्वाइस प्रश्नों की संख्या बढ़ा दी गयी है. पहले जहां दीर्घ उत्तरीय प्रश्नों में ही विकल्प दिये जाते थे, वहां अब लघु उत्तरीय प्रश्नों में भी वैकल्पिक प्रश्नों का प्रावधान किया गया है. बोर्ड के सर्कुलर के अनुसार 10वीं कक्षा के 15 व 12वीं कक्षा के 40 विषयों में इंटरनल च्वाइस प्रश्न बढ़ाये गये हैं. विभिन्न हितधारकों, पाठ्यक्रम समिति के सदस्यों और विषय विशेषज्ञों से मिले सुझावों के अनुसार 10वीं व 12वीं में प्रश्नपत्रों के सभी भागों के सवालों में विकल्पों की संख्या करीब 33 प्रतिशत बढ़ेगी. जानकारी के अनुसार सैंपल प्रश्नपत्रों के अनुसार ही बोर्ड परीक्षा में प्रश्न पूछे जायेंगे. विद्यार्थियों को सैंपल प्रश्नपत्रों को देखने की सलाह दी गयी है. दोनों ही कक्षाओं के सैंपल प्रश्नपत्र बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर हैं.
इन विषयों में बढ़ाये गये इंटरनल च्वाइस प्रश्न
10वीं : हिंदी ए, हिंदी बी, साइंस, सोशल साइंस, गणित, होम साइंस, संस्कृत, एलिमेंट्स ऑफ बिजनेस, एलिमेंट्स ऑफ बुक कीपिंग एंड एकाउंटेंसी, कार्नेटिक्स म्यूजिक वोकल, कार्नेटिक्स म्यूजिक मेलोडी इंस्ट्रूमेंटल व अन्य, हिंदुस्तानी म्यूजिक वोकल, हिंदुस्तानी म्यूजिक मेलोडी इंस्ट्रूमेंटल व अन्य नृत्य.
12वीं : अर्थशास्त्र, फिजिकल एजुकेशन, बिजनेस स्टडीज, एकाउंटेंसी, इंग्लिश कोर, हिंदी इलेक्टिव, हिंदी कोर, गणित, फिजिक्स, केमिस्ट्री, इंफार्मेटिक्स प्रेक्टिसेज-ओल्ड, लीगल स्टडीज, कंप्यूटर साइंस-ओल्ड, इतिहास, राजनीति विज्ञान, भूगोल, मनोविज्ञान, समाज शास्त्र, उद्यमिता, जीव विज्ञान, बायोटेक्नोलॉजी, संस्कृत इलेक्टिव, संस्कृत कोर, होम साइंस तथा कार्नेटिक नृत्य व संगीत, हिंदुस्तानी नृत्य व संगीत, एप्लायड/कमर्शियल आर्ट, कथक, भरतनाट्यम, कुचीपुड़ी, ओडिशी, मणिपुरी, कथकली, पेंटिंग, ग्राफिक्स व अन्य.
