पटना : अगर आपके पास पीएफ खाते से पेंशन की रकम को खाते में ट्रांसफर करने को लेकर फोन आये तो सावधान रहे! इन दिनों फर्जी शख्स से ईपीएफओ के अधिकारी परेशान है. फर्जी व्यक्ति फोन कर पीएफ विदड्राल के नाम पर ईपीएफओ के सदस्य से पर्सनल डिटेल की जानकारी मांगते हैं.
फोन करने वाला शख्स अपने आप को ईपीएफओ का कर्मचारी होने का दावा करता है. सदस्य से आधार और पैन कार्ड नंबर की मांग की जाती है.
केंद्रीय ईपीएफओ कार्यालय ने इस संबंध में पेंशनर्स और सदस्यों को चेतावनी जारी करते हुए कहा कि इस तरह के फोन आने पर सावधान रहे. ईपीएफओ के क्षेत्रीय आयुक्त (बिहार-झारखंड) एसके झा ने बताया कि अगर किसी सदस्य या पेंशनर्स से कोई भी व्यक्ति फोन कर यह कहता है कि आपका पेंशन रुक गया है, तो किसी भी प्रकार की जानकारी साझा नहीं करे.
फोन पर ईपीएफओ अपने सदस्यों से किसी तरह की जानकारी नहीं मांगता है. अगर इस तरह की जानकारी मांगने के लिए फोन आये, तो तत्काल इसकी सूचना ईपीएफओ कार्यालय के अधिकारी या स्थानीय थाने को दें.
