दोनों पालियों में कम रही छात्रों की उपस्थिति, कई जगहों पर परीक्षा का किया बहिष्कार
हंगामे के दौरान छात्रों ने परीक्षा प्रबंधन और सरकार के खिलाफ नारे भी लगाये
राजधानी पटना में 32 केंद्र बनाये गये थे
पटना : आईटीआई परीक्षा में कुछ कारणों को लेकर मंगलवार को छात्रों ने खूब हंगामा किया और शहर में बनाये गये कई परीक्षा केंद्रों पर जम कर बवाल काटा. हंगामे के दौरान छात्रों ने परीक्षा प्रबंधन और सरकार के खिलाफ नारे भी लगाये. छात्र परीक्षा शुरू होने के पहले ही आक्रोशित हो उठे. प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने सड़क मार्ग भी जाम किया.
शहर में बनाये गये थे कई सेंटर : इस परीक्षा के आयोजन के लिए पटना में 32 केंद्र बनाये गये थे. करीब आधा से ज्यादा परीक्षार्थियों ने सिलेबस से बाहर का प्रश्न पूछे जाने का आरोप लगाया. सेंटर हेड की ओर से की गयी सख्ती के बाद परीक्षार्थी सेंटर के बाहर निकल कर हंगामा करने लगे.
परीक्षा के नोडल पदाधिकारी सह आईटीआई दीघा के प्राचार्य डॉ नागेश्वर यादव ने बताया कि प्रथम पाली में इंजीनियरिंग ड्राइंग परीक्षा के लिए 15,071 छात्र-छात्राओं के एडमिट कार्ड को जारी किया गया था. जिसमें से 6,985 परीक्षार्थी ही परीक्षा शामिल हुए. वहीं द्वितीय पाली में थ्योरी पेपर का आयोजन किया गया. इस परीक्षा के लिए 11,500 छात्र-छात्राओं के एडमिट कार्ड को जारी किया गया था.
इस पाली में 4339 परीक्षार्थी ही परीक्षा में शामिल हुए. परीक्षा को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए पुख्ता इंतजाम किये गये थे. किसी भी केंद्र पर परीक्षार्थियों को किसी तरह की परेशानी नहीं हुई है. कुछ छात्रों ने आउट ऑफ सिलेबस के प्रश्न होने का अफवाह फैलाने का प्रयास किया था. पुलिस की सख्ती के बाद मामला शांत हो गया.
कहीं सड़क जाम, तो कहीं फूंका पुतला, परीक्षाफल घोषित करने की मांग
पटना सिटी : श्रम विभाग के राज्य प्रशिक्षण परिषद की ओर से आयोजित आईटीआई परीक्षा का मंगलवार को बहिष्कार कर परीक्षार्थियों ने हंगामा किया.
परीक्षार्थियों ने ट्रैक्टर को रोक कर सड़क जाम कर दिया साथ ही श्रम मंत्री व मुख्यमंत्री का पुतला फूंका. परीक्षार्थियों का कहना था कि वे सत्र 2016-18 के छात्र हैं. सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में तीन बार परीक्षा दे चुके हैं फिर चौथी बार यह परीक्षा आयोजित की गयी है जिसका हम बहिष्कार करते हैं. गुरु गोविंद सिंह पथ स्थित राजकीयकृत मारवाड़ी उच्च विद्यालय के बाहर हंगामा कर रहे परीक्षार्थियों को पुलिस ने समझा-बुझा कर मामले को शांत कराया.
दानापुर : परीक्षार्थियों ने नहीं दी परीक्षा
दानापुर : आईटीआई की रद्द हुई परीक्षा को पुन: आयोजित करने के विरोध में मंगलवार को परीक्षार्थियों ने हंगामा करते हुए परीक्षा का बहिष्कार किया. परीक्षार्थियों ने बलदेव इंटर स्कूल व धनेश्वरी देवनंदन कन्या इंटर स्कूल परीक्षा केंद्रों पर जमकर हंगामा करते हुए पथराव किया. इससे स्कूल के दो कर्मी घायल हो गये.
फुलवारी : सड़कों पर दिखी नाराजगी
फुलवारीशरीफ. आईटीआई परीक्षा में धांधली को लेकर मंगलवार को फुलवारीशरीफ, अनीसाबाद, चितकोहरा में सैकड़ों छात्र सड़क पर उतर पड़े. परीक्षार्थियों ने परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं किया और फुलवारी शरीफ हाई स्कूल, महेशा हाई स्कूल अनिसाबाद और चितकोहरा गोलंबर पर प्रदर्शन किया.
होगी कड़ी कार्रवाई : मंत्री
पटना. श्रम संसाधन मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने दो टूक शब्दों में कहा है कि आईटीआई परीक्षा में बाधा पहुंचानेवालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी. कदाचार मुक्त परीक्षा संचालन में जो भी व्यक्ति/संस्थान बाधक होंगे तथा परीक्षा बहिष्कार की मानसिकता को बढ़ावा देंगे सरकार ऐसे सभी संस्थानों/व्यक्तियों को चिह्नित कर रही है.
