पटना: सोमवार को 11.36 बजे सचिवालय हॉल्ट पर दिल्ली से आ रही जनसाधारण एक्सप्रेस का पेंटो (ओवरहेड तार को स्पर्श करने वाली पाइप) टूट गयी. गाड़ी चल रही थी.
इसलिए पेंटो टूट कर ओवरहेड तार में उलझ गया. इससे तार भी टूट गया. इस कारण जनसाधारण एक घंटे खड़ी रही. दूसरे इंजन से ट्रेन को पटना जंकशन लाया गया. इस बीच तीन घंटे परिचालन बाधित रहा और संपूर्ण क्रांति समेत आधा दर्जन ट्रेनें दानापुर से लेकर आरा स्टेशन तक ट्रैक पर खड़ी रहीं.
जनसाधारण डाउन अभी सचिवालय हॉल्ट पर पहुंची ही थी कि रुकने से पहले उसक ी इंजन में लगा पेंटो टूट गया. इलेक्ट्रॉनिक सप्लाइ कटने से ट्रेन ट्रैक पर खड़ी हो गयी. सचिवालय हॉल्ट से इसकी सूचना रेल प्रशासन व कंट्रोल रूम दानापुर को दी गयी. विद्युत शाखा के अधिकारी व कर्मचारियों ने ओवरहेड तार को जोड़ने की प्रक्रिया शुरू की. तीन घंटे तक चली मरम्मत के बाद 1.43 बजे तार को जोड़ा गया. इस बीच राजेंद्र नगर यार्ड से दूसरी इंजन भेज कर जनसाधारण को पटना जंकशन लाया गया. सचिवालय हॉल्ट पर जनसाधारण एक घंटे तक खड़ी रही. ट्रेन खाली होने पर ट्रेन को यार्ड में भेज दिया गया. इस कारण तीन घंटे तक डाउन लाइन का परिचालन बाधित रहा. इसमें संपूर्ण क्रांति समेत कई ट्रेनें ट्रैक पर खड़ी रहीं.
इनका परिचालन रहा बाधित
जनसाधारण के ट्रैक पर खड़ी होने से संपूर्ण क्रांति दानापुर में, संघमित्र व तूफान बिहटा में, अपर इंडिया व न्यू फरक्का ट्रेनें मुगलसराय में खड़ी रहीं. सुबह छह बजे पटना पहुंचने वाली संपूर्ण क्रांति दिन के दो बजे आयी. यह ट्रेन पहले से ही लेट थी, लेकिन सचिवालय हॉल्ट पर तार टूट जाने से और लेट हो गयी. परिचालन बाधित होने से जनसाधारण एक्सप्रेस को 7.30 बजे तथा लोकमान्य तिलक 8.30 बजे रिशेडय़ूल किया गया.
