मसौढ़ी : धनरूआ थाना के चनाकी मोड़ के पास शनिवार की देर रात बाइक से अस्पताल में भर्ती अपने पोते को देखने मसौढ़ी जा रहे अधेड़ की मौत ट्रक के धक्के से हो गयी.
मृतक अधेड़ 55 वर्षीय सुरेंद्र प्रसाद कादिरगंज थाना के पांडेबिगहा गांवका रहने वाला था. इस घटना में बाइक चला रहा मृतक के गांव का ही 25 वर्षीय मथुरा कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गया. उसे पीएमसीएच रेफर कर दिया गया है. सुरेंद्र प्रसाद के 5 वर्षीय पोता कार्तिक बिच्छू ने डंक मारने से इलाज के लिए मसौढ़ी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था.
उधर घटना की जानकारी होने पर कार्तिक के दादा सुरेंद्र प्रसाद उसे देखने गांव के ही मथुरा कुमार के साथ एक बाइक पर सवार होकर अपने गांव से निकल पड़े. बाइक मथुरा चला रहा था और सुरेंद्र पीछे वाली सीट पर बैठे थे. इसी बीच बाइक जब चनाकी मोड़ स्थित मंदिर के पास पहुंची तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी.
इसमें सुरेंद्र प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि बाइक चला रहा मथुरा कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया. बाद में स्थानीय ग्रामीणों व पुलिस के सहयोग से उन्हें मसौढ़ी स्थित एक निजी अस्पताल में लाया गया. इधर घटना के बाद उक्त अस्पताल में परिजनों की रोने की चीत्कार ने देखने वालों भावुक कर दिया.
बिच्छू के डंक से मूर्छित पोता इलाज के बाद हुआ स्वस्थ, दादा की मौत की जानकारी नहीं. बिच्छू के डंक से मूर्छित जिस पोते को देखने मृतक सुरेंद्र देर रात अस्पताल आ रहे थे वह इलाज के बाद बिल्कुल स्वस्थ हो चुका है. पांच वर्षीय पोते कार्तिक को यह भी पता नहीं कि उसके दादा अब इस दुनियां में नहीं रहे। अस्पताल में अपने परिजनों को रोता देख वह भी रोने लगता .घटना के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था.
