सीट शेयरिंग पर अमित शाह से नहीं हुई है बात : कुशवाहा
पटना : रालोसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने सीट शेयरिंग पर खुलकर कुछ नहीं कहा. लेकिन, उन्होंने इशारों में बहुत सारी बातें कह डालीं. कुशवाहा ने कहा कि वे 20-20 फार्मूले को नहीं जानते हैं. उन्होंने कभी क्रिकेट नहीं खेला व न ही इसमें दिलचस्पी है. उन्होंने बचपन में गिल्ली-डंडा खेला है. इसीलिए ऐसे किसी फॉर्मूले के बारे में जानकारी नहीं है. सीट शेयरिंग पर अमित शाह से बात नहीं हुई है. जनता से संवाद हो रहा है. मीडिया अपने हिसाब से सीट शेयरिंग पर चर्चा कर रही है.
एनडीए में रहने के सवाल पर कहा कि चेहरा से अंदाजा नहीं लग रहा है. रालोसपा कार्यालय में आयोजित प्रेस काॅन्फ्रेंस में केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री ने कहा कि हाईकोर्ट व सुप्रीम कोर्ट के दरवाजे बंद हैं.एससी-एसटी, अल्पसंख्यक, ओबीसी, गरीब सवर्ण का बेटा भी योग्यता रखने पर जज नहीं बन सकता है. इसके लिए पार्टी हल्ला बोल-दरवाजा खोल अभियान चला रही है.
अब जनता के साथ जुड़ कर महासम्मेलन होगा. मुजफ्फरपुर में 28 अक्तूबर, गया में तीन नवंबर, मुंगेर में 24 नवंबर व पूर्णिया में 25 नवंबर को कार्यक्रम आयोजित किये जायेंेगे. इसके लिए दशई चौधरी, संतोष कुमार, नचिकेता मंडल व शंकर झा आजाद को प्रभारी बनाया गया है. उन्होंने कहा कि मंगलवार से रालोसपा की तरफ से पैगाम-ए-खीर कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा. बिगड़ रही व्यवस्था को लेकर कहा कि हे भगवान! ये क्या हो रहा है.
