पटना : कदमकुआं थाने के दिनकर गोलंबर पर जाली नोट से मोबाइल खरीदते दवा दुकान के कर्मचारी सौरभ कुमार को पुलिस ने पकड़ लिया. इसके पास से सात सौ के नकली नोटों के साथ ही एक लाख 90 हजार असली नोट बरामद किया गया और फिर उसके भाई मोनू कुमार के काजीपुर स्थित फ्लैट पर पुलिस ने छापेमारी की तो 8 लाख 40 हजार रुपये और बरामद किये गये.
इस प्रकार कुल 10 लाख 30 हजार के असली नोट बरामद किये गये. जाली नोट रखने के मामले में पुलिस ने सौरभ को गिरफ्तार कर लिया. इसके साथ ही बरामद 10 लाख 30 हजार के संबंध में कोई कागजात नहीं मिलने पर इनकम टैक्स विभाग को जांच की जिम्मेदारी दे दी गयी है. विभाग पैसों के संबंध में जांच कर रहा है. कदमकुआं थानाध्यक्ष गोल्डन कुमार ने सौरभ की गिरफ्तारी की पुष्टि की.
दुकानदार ने पकड़ा युवक का जाली नोट
बताया जाता है कि सौरभ कुमार मंगलवार को दिनकर गोलंबर पर एक इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में मोबाइल खरीदने गया था और उसने पांच सौ का एक नोट व पचास के चार नोट दिये. लेकिन दुकानदार ने पकड़ लिया कि नोट जाली है. इसके बाद काफी संख्या में लोग जुट गये और सौरभ के संबंध में पुलिस को जानकारी दे दी गयी.
पुलिस पहुंची और सौरभ को पकड़ कर चेक किया तो उसके पास से एक लाख 90 हजार रुपये मिल गये. इसके बाद पुलिस सौरभ के भाई व दवा व्यवसायी मोनू के फ्लैट पर पहुंची तो वहां भी अाठ लाख 40 हजार नकद मिल गये. हालांकि ये नोट असली थे. सौरव मूल रूप से झारखंड के हजारीबाग के विष्णुगढ़ का रहने वाला है.
