पूर्व चीफ इंजीनियर व पत्नी के हत्या मामले में नहीं मिला ठोस सुराग, अपनों पर भी शक

दंपति की शाम 7.30 से रात नौ बजे के बीच हुई थी हत्यापटना : बुद्धा कॉलोनी थाने के दुजरा मुर्गी फॉर्म गली में लघु सिंचाई विभाग के पूर्व चीफ इंजीनियर सह कमिश्नर हरेंद्र प्रसाद सिंह व उनकी पत्नी स्वप्न दास गुप्ता की हत्या किसी ने गुरुवार की शाम 7:30 से रात नौ बजे के आसपास […]

दंपति की शाम 7.30 से रात नौ बजे के बीच हुई थी हत्या
पटना : बुद्धा कॉलोनी थाने के दुजरा मुर्गी फॉर्म गली में लघु सिंचाई विभाग के पूर्व चीफ इंजीनियर सह कमिश्नर हरेंद्र प्रसाद सिंह व उनकी पत्नी स्वप्न दास गुप्ता की हत्या किसी ने गुरुवार की शाम 7:30 से रात नौ बजे के आसपास ही कर दी थी. यह बात पुलिस की जांच में सामने अायी है. हरेंद्र प्रसाद सिंह का पैर कट गया था और बैंडेज कराने के बाद करीब साढ़े सात बजे शोएब उन्हें ले लाया था और कमरे में पहुंचा दिया था. इसके बाद रात नौ बजे शोयब की पत्नी प्रतिदिन की तरह वहां काम करने गयी, तो सभी को हरेंद्र प्रसाद सिंह व उनकी पत्नी के साथ हुए घटना की जानकारी मिली. इसका मतलब यह है कि किसी ने 7:30 से लेकर रात नौ बजे के बीच ही घटना को अंजाम दिया. समय की लगभग पुष्टि होने के बाद पुलिस अब मान चुकी है कि इतने कम समय में अपने ने ही घटना को अंजाम दिया है.

यह भी है आशंका : साथ ही आवेश में आकर भी घटना को अंजाम दिये जाने की संभावना पर पुलिस जांच कर रही है. जिस तरह से दोनों का शव फर्श पर पड़ा हुआ था.
एसएसपी ने खुद की पूछताछ
केयर टेकर शोएब, उसकी पत्नी गुलशन आरा, बेटा गुलफाम, बढ़ई मिस्त्री चंदन कुमार व किरायेदार समेत सात लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है. उन सभी को गर्दनीबाग थाने में लाकर रखा गया है. सभी से अलग-अलग एसएसपी मनु महाराज ने पूछताछ की. लेकिन, सभी ने पुराने बयान को ही दोहराया और उन लोगों से पुलिस को कुछ विशेष जानकारी नहीं मिली. परिजनों ने भी किसी पर फिलहाल आरोप नहीं लगाया है. जिसके कारण पटना पुलिस की अनुसंधान करने में और भी परेशानी बढ़ गयी है.
सीसीटीवी कैमरे से नहीं मिला सुराग
पुलिस ने दुजरा मुर्गी फॉर्म वाले इलाके में सीसीटीवी कैमरे की खोजबीन की, तो तीन जगहों पर मिला. एक कैमरा बगल में ही एक डॉक्टर के घर में लगा था. लेकिन, उसमें कैमरे को डीवीआर से जोड़ा गया था. जिसके कारण वह सीसीटीवी कैमरे एक तरह से बेकार था. इसी प्रकार बगल में ही कुछ दूरी पर स्थित स्कूल में कैमरा लगा है, लेकिन उसका क्षेत्र कैंपस के अंदर का है. साथ ही एक और सीसीटीवी कैमरा उस इलाके में हैं, जो काम नहीं कर रहा था. इसके कारण पुलिस टीम को सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से कुछ नहीं मिला. इसके बाद पुलिस टीम ने डायल 100 में जाकर सीसीटीवी कैमरे को चेक किया.
मिली डायरी में लावारिस बच्चे का जिक्र: पटना के पूर्व कमिश्नर हरेंद्र प्रसाद सिंह की लिखित एक डायरी भी पुलिस को मिली है. इसमें एक लावारिस बच्चे के मिलने की बात भी लिखी हुई है.
फूटी चूड़ी के अंश को किया जब्त
जिस जगह पर घटना हुई है, वहां की जांच एफएसएल ने की. इस दौरान घटना स्थल पर दो कलर की फूटी हुई चूड़ी मिली है. एक चूड़ी तो स्वप्न दास गुप्ता की चूड़ी से मिल रही थी. लेकिन, दूसरी चूड़ी किसी और की लग रही थी. इसके कारण यह भी संभावना जतायी जा रही है कि घटना के समय कोई महिला भी वहां मौजूद होगी.
पहले हुई थी चोरी की घटना
केयर टेकर शोयब ने पुलिस को बताया कि उसी कंपाउंड में वे भी अपने पूरे परिवार के साथ रहते हैं. कुछ दिन पहले उनके घर से चोरों ने बक्सा खोल कर नकद रुपये निकाल लिये थे. हालांकि, हिरासत में रहे किरायेदारों का कहना था कि वह कंपाउंड काफी सुरक्षित था और कोई भी अपना दरवाजा तक बंद नहीं करता था. यहां तक की अपनी बेटियों को भी वहां छोड़ कर वे लोग मार्केट में काम करने चले जाते थे. कभी भी किसी तरह की बात नहीं हुई.
परिजनों को सौंपा गया शव
पुलिस ने गुरुवार को पीएमसीएच में पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को शव सौंप दिया. इधर, इस संबंध में कंकड़बाग में रहने वाले बेटों से बात करने की कोशिश की गयी. लेकिन, उन्होंने कुछ भी जानकारी देने से इन्कार कर दिया. केवल बेटों ने यह जानकारी दी कि तीन-चार दिन पहले उनके पिता कंकड़बाग स्थित आवास पर आये थे और हमेशा आते रहते थे.
गठित की गयी एसआईटी
पूर्व चीफ इंजीनियर सह कमिश्नर हरेंद्र प्रसाद सिंह व उनकी पत्नी स्वप्न दास गुप्ता हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए जोनल आईजी नैय्यर हसनैन खां ने एसएसपी मनु महाराज के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया है. एसआईटी में सिटी एसपी मध्य अमरकेश डी, विधि व्यवस्था डीएसपी मनोज कुमार सुधांशु, बुद्धा कॉलोनी थानाध्यक्ष मनोज मोहन के साथ ही आसूचना ईकाई के पुलिस पदाधिकारियों को शामिल किया गया है.
जमीन विवाद
चीफ इंजीनियर सह कमिश्नर हरेंद्र प्रसाद सिंह व उनकी पत्नी स्वप्न दास गुप्ता की हत्या मामले में पुलिस जमीनी विवाद से जुड़े विंदु पर भी जांच कर रही है. हरेंद्र प्रसाद सिंह की पटना से लेकर सीवान स्थित पैतृक गांव पर काफी जमीन है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >