पटना : जदयू के मुख्य प्रवक्ता संजय सिंह ने कहा है कि राजद के 15 वर्षों के शासनकाल में जंगलराज, अपहरण उद्योग, गुंडा राज, नरसंहार जैसे शब्दों को सार्थकता मिली. उसके पहले इन शब्दों का बिहार में प्रचलन नहीं था. वर्तमान में भी जो बिहार में अराजक स्थिति पैदा की जा रही है, उसका जिम्मेदार लालू प्रसाद का परिवार है.
जदयू प्रवक्ता ने कहा कि तेजस्वी प्रसाद यादव इस बात का ख्याल रखें कि यह वही बिहार था जहां लालू-राबड़ी के राज में माताएं , बहने, बेटियां शाम पांच बजे के बाद घर से बाहर नहीं निकलती थी. बेटियां क्या बेटे भी नहीं निकलते थे.
उन्होंने कहा कि जिसकी प्राथमिक पढ़ाई ही माफियागिरी की पाठशाला से हुई हो. जिसकी सहयोगी पार्टी के नेता से लेकर खुद भ्रष्टाचार का लबादा ओढ़े हों. वह कैसे किसी को नैतिकता की पाठ पढ़ा रहा है? नैतिकता का पाठ वह खुद के लिए भी रखें. तेजस्वी अंतरात्मा को कब तक सुलायेंगे? अंतरात्मा जिंदा होती तो अपनी अनैतिक कमाई का जबाब पब्लिक फोरम पर देते.
