पटना : दानापुर थाना क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता से युवक रोशन उर्फ मछिया की जान बच गयी. मछिया की हत्या करने के लिए संतोष उर्फ बकरिया अपने चार साथियों के साथ निकला था. लेकिन, पुलिस ने चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया. उन लोगों के पास से चार पिस्तौल, छह कारतूस, दो बाइक व चार मोबाइल फोन बरामद किये गये हैं.
हालांकि, संतोष का एक साथी सौरभ कुमार भागने में सफल रहा. पकड़े गये अपराधियों में संतोष उर्फ बकरिया के साथ राकेश कुमार, राजू कुमार व आनंद उर्फ भुअर शामिल है. संतोष उर्फ बकरिया दानापुर के बीबीगंज का रहनेवाला है. यह पहले भी जेल जा चुका है. एसएसपी मनु महाराज ने बताया कि एक अन्य को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है.
मछिया ने की थी छेड़खानी : संतोष उर्फ बकरिया के साढ़ू की बेटी को रास्ते में आने-जाने के क्रम में रोशन उर्फ मछिया छेड़खानी करता था. इसका विरोध परिजनों ने किया था, तो रोशन ने फायरिंग की थी और मारपीट की घटना को अंजाम दिया था. इसके बाद संतोष उर्फ बकरिया ने रोशन की हत्या करने की ठान ली और दो बाइक पर सवार हो हत्या करने के लिए जा रहा था. लेकिन, सगुना मोड़ के पास पकड़ा गया.
