चयनित सर्वश्रेष्ठ आइडिया को मिलेगा पुरस्कार
पटना : बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन पिछले दो साल से बिजनेस प्लान प्रतियोगिता का आयोजन कर रहा है. इस प्रतियोगिता में कोई भी स्टार्टअप शुरू करनेवाले युवा, छात्र और आमलोग भाग ले कर एक लाख रुपये का पुरस्कार जीत सकते हैं. बीआईए के अध्यक्ष केपीएस केसरी ने बताया कि अधिक-से-अधिक लोग इस प्रतियोगिता में शामिल हों, इसके मद्देनजर आवेदन तिथि को बढ़ाने का फैसला लिया गया है.
पहले बिजनेस प्लान जमा करने की अंतिम तारीख 31 जुलाई थी, जिसमें हमें करीब 150 से ज्यादा आवेदन प्राप्त हुए हैं. जो अपना आवेदन अभी तक जमा नहीं कर पाये हैं, अब 10 अगस्त तक अपना बिजनेस आइडिया जमा कर सकते हैं. विजेताओं को इनाम की राशि आगामी बिहार स्टार्टअप कॉनक्लेव 2018 में दी जायेगी.
वेंचरपार्क देगा इनाम
इस प्रतियोगिता में स्टार्टअप, स्टूडेंट्स और जिन लोगों के पास भी इनोवेटिव आइडिया व एक बिजनेस प्लान है, वे भाग ले सकते हैं. इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए उम्मीदवार वेंचरपार्क की वेबसाइट www.biaincubator.com पर जा कर अपने बिजनेस आइडिया को सबमिट करेंगे. इस प्रतियोगिता में चयनित सर्वश्रेष्ठ बिजनेस आइडिया को वेंचरपार्क की ओर से एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जायेगी.
पिछले वर्षों में बिजनेस प्लान प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ चयनित बिजनेस प्लान के साथ–साथ तीन बिजनेस प्लान को 25–25 हजार रुपये की राशि दी गयी थी. इस साल बिजनेस प्लान प्रतियोगिता 2018 में द्वितीय पुरस्कार 50 हजार और तृतीय पुरस्कार 25 हजार रुपये है.
