पटना सिटी : नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल के कार्यालय में बरसात के दरम्यान हुए जलजमाव व अब तक फैली कीचड़ युक्त गंदगी की वजह से कार्य करने में परेशानी हो रही है. कार्यालय की संचिका भी नष्ट हो रही है.
ऐसे में संकट झेल रहे कर्मियों ने शनिवार को अस्पताल के अधीक्षक डॉ चंद्रशेखर व उपाधीक्षक डॉ गोपाल कृष्ण से मिले. इसके बाद परेशानियों से अवगत कराते हुए कहा किबरसात तक कार्यालय को दूसरे जगह शिफ्ट किया जाये ताकि पानी में भीग कर नष्ट हो रही संचिका को सुरक्षित रखा जा सके. कर्मियों ने इस संबंध में एक ज्ञापन भी सौंपा है.
इस मामले में अधीक्षक ने बताया कि सोमवार को वे विभाग के प्रधान सचिव से मिल कर समस्याओं को रखेंगे, जिसमें बरसात की अवधि तक कार्यालय को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस परिसर में शिफ्ट करने की अनुमति लेंगे.
बताते चलें कि बरसात के दिनों जलजमाव की स्थिति बनने पर कार्यालय के अधीक्षक व उपाधीक्षक कक्ष व कार्यालय में भी पानी जमा हो जाता है, जिससे की सामान को सुरक्षित रखने में परेशानी होती है. इसके अलावा अस्पताल के मेडिसिन विभाग में भी जलजमाव की स्थिति कायम रहती है.
