पटना : मुजफ्फरपुर बालिका गृह प्रकरण को लेकर नेता विरोधी दल तेजस्वी प्रसाद यादव मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को घेरने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे हैं. गुरुवार को उन्होंने इस चर्चित मामले में सीएम की चुप्पी को लेकर तंज कसा था. शुक्रवार को नीतीश कुमार ने घटना को महापाप बताते हुए एक भी दोषी पर रहम न करने की बात कही. इस पर नेता विरोधी दल ने कहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार घटना पर कुटिल मुस्कान के साथ खेद प्रकट कर रहे थे. इस मामले पर तेजस्वी शनिवार को दिल्ली में कैडल मार्च निकालेंगे. उन्होंने मुख्यमंत्री को एक खुला पत्र भी लिखा है.
तेजस्वी लिखते हैं कि आदरणीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी, मुज़फ्फरपुर बालिका गृह बलात्कार कांड पर आपकी महीनों की रहस्यमयी चुप्पी देखकर यह खुला पत्र लिखने पर विवश हुआ हूं. यह विशुद्ध रूप से गैर-राजनीतिक पत्र है, क्योंकि एक सामाजिक कार्यकर्ता होने से पहले मैं सात बहनों का भाई, एक मां का बेटा और कई बेटियों व भगिनी का चाचा और मामा हूं. बच्चियों के साथ हुई इस अमानवीय घटना से मैं सो नहीं पाया हूं. आप कैसे चुप रह सकते हैं, यह आपसे बेहतर कौन जानता होगा? मैं दुखी हूं क्योंकि जिनकी खिलौनों से खेलने की उम्र थी वो खिलौना बन गयीं. सरकार गहरी नींद में सोती रही. आपकी सरकार के संरक्षण में उनका ऐसा शोषण हुआ जिसे सोच कर रूह कांप जाती है.
