पांच दिनों से लापता था विकास, सड़क पर उतरे लोग, हंगामा, पुलिस पर पथराव
फुलवारीशरीफ : पिछले पांच दिनों से लापता 16 वर्षीय किशोर विकास कुमार की लाश बुधवार को पटना के आलू अनुसंधान केंद्र परिसर के पास पानी भरे गड्ढे में मिली. शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और गुस्साये लोग सड़क पर उतर पड़े.
उग्र लोगों ने जगदेवपथ से फुलवारी जाने वाली सड़क को जाम कर आगजनी करते हुए हत्याकांड का खुलासा करने और जल्द- से- जल्द हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे. मृतक के परिजनों ने बताया कि विकास के लापता होने का मामला रूपसपुर थाने में दर्ज कराया था, लेकिन पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया और विकास की हत्या कर दी गयी. परिजन पुलिस पर रुपये लेने का भी आरोप लगा रहे थे.
सड़क जाम की खबर मिलते ही एयरपोर्ट व रूपसपुर थानों की पुलिस एवं वज्र वाहन के साथ भारी पुलिस अमला मौके पर पहुंचा. आक्रोशित लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया, जिससे अफरा-तफरी मच गयी. पुलिस के काफी समझाने और हत्यारों की गिरफ्तारी का आश्वासन देकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज सड़क पर आवागमन सुचारु किया जा सका.
लड़की समेत चार गिरफ्तार : पुलिस ने इस मामले में लड़की उसकी दो भौजाई व एक लड़के को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है. परिजनों की मानें तो विकास की हत्या प्रेम प्रसंग को लेकर की गयी है.
अंतिम बार उनकी विकास से बातचीत 27 जुलाई को हुई थी. इसके बाद से उसका मोबाइल स्विच ऑफ आने लगा था. मृतक दो भाइयों में छोटा था एक बहन भी है. घटनास्थल पर पहुंची मां बहन का रो-रो कर हाल बेहाल हो रहा था. मृतक के पिता रामदास महुआ बाग में परिवार के साथ रहते हैं और पेंटिंग का काम करके परिवार चलाते हैं. परिजनों का आरोप है कि विकास को साजिश के तहत गायब कर उसकी हत्या कर दी गयी. सड़क जाम की सूचना मिलते ही हवाई अड्डे व रूपसपुर पुलिस समेत एएसपी दानापुरपर पहुंचे आक्रोशित लोगों के साथ पुलिस की तीखी नोक- झोंक हुई. हालत बिगड़ते देख पुलिस को वज्र वाहन को भी बुलाना पड़ा.
लड़की के परिजनों ने धमकाया था : रूपसपुर थाने के महुआ बाग निवासी सुनील दास का पुत्र विकास कुमार गांव की ही एक लड़की से प्रेम करता था. प्रेम प्रसंग के चलते लड़की के परिजनों ने लड़के और उसके परिजन को धमकाया की बेटे को समझा दो, वरना परिणाम अच्छा नहीं होगा.
विकास की मां बसंती देवी ने बताया कि 27 जुलाई की रात दस बजे लड़की ने विकास के मित्र राॅकी के मोबाइल से फोन कर मिलने के लिए बुलाया था. वह देर रात घर वापस नहीं आया तो अगले दिन छानबीन की, लेकिन विकास का कहीं पता नहीं चला. इस बाबत गुमशुदगी का मामला दर्ज कराने के लिए रूपसपुर थाने गयी मगर पुलिस ने यह कह कर भागा दिया कि अपने स्तर पर छानबीन करो. तीन दिन बीत जाने के बाद एसएसपी से इस मामले में बात किया, तब जाकर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज किया.
