कदमकुआं का ही रहने वाला है पकड़ा गया बुजुर्ग
पटना : राजेंद्र नगर रोड नंबर-3 में कोचिंग जा रही नाबालिग छात्रा से छेड़खानी किये जाने का मामला सामने आया है. बड़ी बात यह है कि छेड़खानी का आरोप 60 साल के बुजुर्ग पर लगाया गया है. छात्रा का आरोप है कि जब वह कोचिंग के लिए जा रही थी तो बुजुर्ग ने उसे बैड टच किया.
इस पर छात्रा ने विरोध किया तो बुजुर्ग उससे बहस करने लगा. इस दौरान भीड़ इकट्ठी हो गयी. लोगों ने जब छात्रा से बहस का कारण पूछा तो वह रोने लगी. उसने सामने खड़े बुजुर्ग पर छेड़खानी करने का आरोप लगाया. इस पर लोगों ने पहले बुजुर्ग से पूछा और फिर उसकी जम कर धुनाई कर दी. पिटाई से आरोपित के चेहरे पर गंभीर चोट आयी है.
इसके बाद कदमकुआं थाने की पुलिस को बुलाया गया, पुलिस ने उससे पूछताछ किया और थाने ले गयी. हालांकि थानेदार का कहना है कि छात्रा ने आवेदन नहीं दिया है. मामले की छानबीन की जा रही है. पकड़ा गया बुजुर्ग कदमकुआं का ही रहने वाला है. वह बनियान और लुंगी पहने हुआ था. पुलिस उससे पूछताछ कर रही है.
स्कूल और कोचिंग सेंटर के बाहर मनचले करते हैं लड़कियों से छेड़खानी
राजधानी में छेड़खानी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही है. खास करके कोचिंग सेंटर वाले इलाके में इस तरह की घटनाएं हो रही हैं. इनमें बोरिंग रोड, एसकेपुरी, मलाही पकड़ी, कदमकुआं, राजेंद्र नगर, राजा बाजार, कंकड़बाग, पाटलिपुत्र समेत अन्य स्थल शामिल हैं. कोचिंग के अलावा स्कूल के बाहर भी मनचलों का जमवाड़ा रहता है. स्कूल आने-जाने के दौरान छात्राओं से छेड़खानी की जाती है. इसको लेकर पुलिस गश्त और निगरानी का दावा करती है लेकिन हकीकत कुछ और ही है. बोरिंग रोड की बात करें तो शाम के समय में कोचिंग सेंटर से लेकर सड़क तक छेड़खानी की घटनाएं होती हैं.
