गलती पड़ी भारी. कानून से मदद लेने के बजाय सोशल मीडिया पर डाला वीडियो
पटना : पति की पिटाई से क्षुब्ध महिला की एक छोटी-सी भूल भारी पड़ गयी है. घरेलू झगड़े को आपसी सहमति से सुलझाने या कानून की मदद लेने के बजाय महिला ने एक धमकी भरा वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया में वायरल कर दिया. अब यह वीडियाे फेसबुक से लेकर यूट्यूब पर वायरल हो गया है. इससे पति-पत्नी की मुश्किलें बढ़ गयी हैं.
सभी नाते-रिश्तेदारों और परिचितों का फोन आ रहे हैं. देश भर में देखे जा रहे इस वीडियो और महिला के पास आ रहे फोन ने दोनों पति-पत्नी का जीना हराम कर दिया है. अब महिला इस वीडियो को डिलीट कराने के लिए पटना पुलिस का चक्कर लगा रही है. महिला ने गुरुवार को एसएसपी मनु महाराज से मुलाकात की और आवेदन देकर साइबर सेल की मदद से वीडियो को डिलीट कराने की मांग की है.
पति-पत्नी के बीच सबकुछ हो गया है ठीक
नाम और एड्रेस प्रकाशित नहीं करने की सिफारिश करने वाली महिला का कहना है कि जो वीडियो उसने वायरल किया था, उसको लेकर काफी अफसोस हो रहा है. पति-पत्नी के के बीच अब कोई विवाद नहीं है.
सबकुछ ठीक हो गया है. लेकिन वायरल वीडियो से उसे काफी परेशानी हो रही है. उसने इस संबंध में रुपसपुर थाने में आवेदन दिया था. वहां से उसे साइबर सेल जाने की सलाह दी गयी. महिला जब साइबर सेल पहुंची, तो उसे बताया गया कि लंबी प्रक्रिया है. कई जगह पत्राचार करना पड़ेगा, सबसे पहले एसएसपी मनु महाराज का निर्देश चाहिए. इस पर महिला गुरुवार को एसएसपी कार्यालय पहुंची थी.
एसएसपी ने उसके आवेदन पर निर्देश जारी कर दिया है और क्राइम रीडर को आवेदन देकर साइबर सेल भेजने के लिए कहा. महिला को आश्वस्त किया गया है कि उसका वायरल हुआ वीडियाे डिलीट कराया जायेगा. पुलिस ने कहा कि उसे वीडियाे बना कर वायरल करने के बजाय कानून की मदद लेनी चाहिए थी.
यह है मामला
13 जुलाई को पति-पत्नी में विवाद हुआ था. उसके पति ने उसे पीट दिया था. इससे पत्नी दुखी होकर सुसाइड करने का मन बना चुकी थी.
उसने एक वीडियो बनाया और उसमें रो-रो कर अपनी बात कही. उसका कहना था कि उसके पति की कई गर्लफ्रेंड हैं. इसको लेकर उसका पति उसे प्रताड़ित करता है. उसने मारपीट भी की है, इसलिए वह सुसाइड करने जा रही है. वीडियो को बनाने के बाद अपने किसी फ्रेंड को भेज दिया. उस फ्रेंड ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.
