पटना : धीरे-धीरे ही सही, लेकिन मौसम अब अपना मिजाज बदल रहा है. बीते दो-तीन से लगातार बादल छाये रहने से तापमान में गिरावट आयी है. वहीं बुधवार को देर शाम बारिश हुई. लगभग आधे घंटे तक तेज बारिश होने के बाद देर रात तक हल्की-हल्की होती रही. इससे साथ ही मौसम थोड़ा और राहत वाला हो गया. मौसम केंद्र की माने तो अगले दो-दिनों तक बारिश होने के आसार बने हैं. इस दौरान हल्की से तेज बारिश हो सकती है. फिलहाल अभी राजधानी व आसपास के क्षेत्रों में बादलों का काफी प्रवाह चल रहा है. जिसका प्रभाव देखने को मिलेगा. दस से 20 एमएम तक बारिश हो सकती है.
40 से 33 डिग्री सेल्सियस तक चला तापमान : मौसम के बदलाव के कारण शहर के अधिकतम तापमान में गिरावट आयी है. जो बीते दिनों तक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा रहा था. वहीं बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आयी है.
न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. अगले दो-तीन दिनों में 25 से 32 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
प्रदेश के 16 जिलों में हुई बारिश
प्रदेश में बुधवार को 16 जिलों में बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया. लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली.वहीं जल संसाधन विभाग ने गुरुवार को कोसी नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी की संभावना जतायी है. मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार बुधवार को पटना, भागलपुर, पूर्णिया, किशनगंज, सुपौल, गया, रोहतास, नवादा, औरंगाबाद, गोपालगंज, सीतामढ़ी, मधुबनी, भभुआ, बक्सर, अरवल और पूर्वी चंपारण में बारिश हुई.
