पंचायती राज विभाग पंचायत स्तर पर करेगा इनकी बहाली, जल्द शुरू होने जा रही प्रक्रिया
पटना : पंचायती राज विभाग सभी पंचायत स्तर पर 2096 तकनीकी सहायक और इतनी ही संख्या में लेखापाल की बहाली करने जा रहा है. इसके लिए विभागीय स्तर पर आदेश जारी कर दिया गया है. इसके अंतर्गत 2096 लेखापाल सह आईटी सहायक और 2096 तकनीकी सहायकों की बहाली करने की प्रक्रिया जल्द ही शुरू होने जा रही है.
इन दोनों की बहाली मुख्यमंत्री ग्रामीण गली-नाली पक्कीकरण निश्चय योजना एवं मुख्यमंत्री ग्रामीण पेयजल निश्चय योजना को सुचारु ढंग से लागू करने के लिए की जा रही है. प्रत्येक जिला में पंचायतों की संख्या के मुताबिक चार पंचायत पर एक लेखापाल सह आईटी सहायक के अलावा चार पंचायतों पर ही एक तकनीकी सहायकों की बहाली की जायेगी. प्रमंडल को इकाई मानते हुए आदर्श रोस्टर के अनुसार आरक्षण के प्रावधानों का अनुपालन किया जायेगा.
जरूरत पड़ने पर अवधि विस्तार किया जायेगा
लेखापाल के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता बीकॉम और तकनीकी सहायक के लिए न्यूनतम योग्यता सिविल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा होगी. इनका आवेदन ऑनलाइन किया जायेगा. इसमें कुल रिक्त पदों का आरक्षण कोटिवार 40 फीसदी पद सरकारी पॉलिटेक्निक संस्थानों से डिप्लोमा प्राप्त उम्मीदवारों के लिए होंगे. मेधा सूची में समान अंक रहने पर अधिक उम्र वाले उम्मीदवार को वरीयता दी जायेगी.
इनका चयन 31 मार्च, 2020 तक मान्य होगा. जरूरत पड़ने पर अवधि विस्तार की जायेगी. दोनों पदों पर चयन के लिए सभी डीएम की अध्यक्षता में चयन समिति का गठन किया जायेगा. इसमें डीडीसी उपाध्यक्ष, एससी-एसटी वर्ग के एक पदाधिकारी, अल्पसंख्यक वर्ग के एक पदाधिकारी और जिला पंचायती राज पदाधिकारी सदस्य के तौर पर होंगे.
