पटना : बिहार में सूखे पर चर्चा को लेकर बुधवार को सुबह नौ बजे विधानमंडल की कार्यवाही शुरू हुई. चर्चा के आरंभ में ही नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सदन में मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और कृषि मंत्री के उपस्थित नहीं होने पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि समय पर बारिश नहीं होने से किसानों की हालत खराब है और सरकार कितनी गंभीर है, यह सदन में उपस्थिति देख कर अंदाजा लगाया जा सकता है.
लाइव वीडियो देखने के लिए यहां क्लिक करें
वहीं, राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने भी सवाल उठाते हुए सभापति से कहा कि मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और कृषि मंत्री की अनुपस्थति को क्या समझा जाये. इसके बाद सभापति विजय चौधरी ने कहा कि सदन में उपस्थित मंत्री को देखें, जो नहीं है, उन्हें नहीं.हालांकि, बाद में मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और कृषि मंत्री सदन में उपस्थित हो गये.
सूखे पर चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि किसानों को समस्या को लेकर सरकार गंभीर नहीं है. सरकार ने स्वयं यह मानक तय कर लिया है कि 19 फीसदी कम बारिश होने पर ही किसानों को सब्सिडी दी जायेगी. यह सब्सिडी भी जून माह के अंत तक मिल जानी चाहिए थी, अब सरकार ने किसानों को ऑनलाइन सब्सिडी देने की योजना शुरू की. सूबे के करोड़ों किसानों में से मात्र 10 हजार किसानों का रजिस्टेशन ही कराया जा सका है. स्पष्ट है कि किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार कितनी गंभीर है.
